HomeBreaking Newsनीमराना में अवैध कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 4 लोगों की जिंदा...

नीमराना में अवैध कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत

राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ ज़िले के नीमराना इलाके में शुक्रवार शाम एक अवैध कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग में चार लोगों की जलकर मौत हो गई। मरने वालों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। इस घटना में एक महिला बुरी तरह झुलस गई, जबकि दो अन्य लोगों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। आग इतनी तेज़ी से फैली कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

केमिकल बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में कबाड़ से निकली परफ्यूम की बोतलों को तोड़ा जा रहा था, जिनमें से ज्वलनशील स्पिरिट जैसा केमिकल निकल रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक पिकअप चालक ने बीड़ी जलाकर जलती तीली फेंक दी, जिससे केमिकल ने तुरंत आग पकड़ ली। इसके बाद आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

टीनशेड गिरने से फंसे लोग

घटना के समय गोदाम में करीब सात लोग मौजूद थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। आग लगते ही सभी बचने के लिए इधर-उधर भागे, लेकिन दो नाबालिग और एक महिला गोदाम के पिछले हिस्से में छुप गए। उन्होंने सोचा कि वहां आग नहीं पहुंचेगी, लेकिन तेज गर्मी से टीनशेड के पिलर पिघलकर उन पर गिर गए और नीचे जलते प्लास्टिक कचरे के कारण वे वहीं फंस गए।

इन लोगों की हुई मौत

इस दर्दनाक हादसे में नीमराना निवासी दशरथ (28), हरियाणा के नारनौल निवासी रविदत्त यादव (58), उत्तर प्रदेश के लखीमपुर की कविता (17) और आरूषी (7) की मौत हो गई। सभी की मौत जलने और फंसने के कारण हुई।

धमाकों से दहशत में लोग

गोदाम में रखे केमिकल ड्रमों में आग लगने के बाद कई तेज धमाके हुए। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग पांच बार जोरदार विस्फोट हुए, जिससे आसपास का इलाका दहल उठा। लोगों में डर का माहौल बन गया और कई लोग घरों से बाहर निकल आए।

अवैध गोदाम पर पहले भी शिकायतें

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध गोदाम के खिलाफ पहले भी प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गोदाम कृषि भूमि पर बना था और इसे कबाड़ कारोबारी करण सिंह ने किराये पर ले रखा था।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा

इस घटना से पहले 16 फरवरी 2026 को भिवाड़ी में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक अवैध फैक्ट्री में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई थी। वहां कपड़ा फैक्ट्री के नाम पर अवैध पटाखा निर्माण किया जा रहा था।

प्रशासन पर उठे सवाल

लगातार हो रहे ऐसे हादसे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं। अवैध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई न होने के कारण निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।

 

READ MORE:आप नेताओं के घर पर ईडी-सीबीआई की रेड करवाकर अमित शाह पार्टी तोड़ने की कर रहे कोशिश: मीत हेयर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments