HomeBreaking Newsगाय के दिल की झिल्ली बनी इंसान के लिए नई नस, UP...

गाय के दिल की झिल्ली बनी इंसान के लिए नई नस, UP के डॉक्टरों ने रचा इतिहास!

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ(Lucknow) स्थित संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) के डॉक्टरों ने एक बेहद चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। डॉक्टरों ने 27 वर्षीय युवती के पेट से करीब दो किलो का ट्यूमर निकालने के साथ उसकी खराब हो चुकी मुख्य नस को भी दोबारा तैयार किया। इसके लिए गाय के दिल की झिल्ली का इस्तेमाल कर नई नस बनाई गई। सर्जरी के बाद युवती की दोनों किडनी सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

कुशीनगर के पडरौना क्षेत्र की रहने वाली दिव्या वर्मा पिछले एक साल से पेट में बढ़ रहे ट्यूमर की समस्या से परेशान थीं। उन्होंने कई अस्पतालों में इलाज कराने की कोशिश की, लेकिन ऑपरेशन में जान का खतरा होने के कारण डॉक्टरों ने सर्जरी करने से मना कर दिया। आखिरकार वह इलाज के लिए SGPGI के यूरोलॉजी विभाग पहुंचीं।

शरीर की मुख्य नस तक फैल गया था ट्यूमर

जांच में पता चला कि दिव्या के पेट में करीब 20 सेंटीमीटर का ट्यूमर था। यह शरीर की सबसे बड़ी नस इंफीरियर वेना कावा (IVC) से बुरी तरह चिपका हुआ था। यही नस शरीर के निचले हिस्से, किडनी, लिवर और आंतों से खून को दिल तक पहुंचाती है। ट्यूमर किडनी की नसों को भी प्रभावित कर रहा था। ऐसे में सिर्फ ट्यूमर निकालना संभव नहीं था।

गाय के दिल की झिल्ली से तैयार की नई नस

यूरोलॉजी विशेषज्ञ प्रो. संजय सुरेखा के नेतृत्व में डॉक्टरों ने करीब दो किलो का ट्यूमर निकाला। इसके बाद प्रभावित IVC का हिस्सा हटाकर गाय के दिल की झिल्ली से नई नस तैयार की। इसके लिए विदेश में बने एक विशेष ग्राफ्ट का इस्तेमाल किया गया, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है। डॉक्टरों ने 8×4 सेंटीमीटर का पाइपनुमा ग्राफ्ट बनाकर नई नस लगाई। साथ ही किडनी की नसों को भी नई रक्त प्रवाह व्यवस्था से जोड़ा गया।

सर्जरी के बाद दोनों किडनी कर रही हैं काम

इस ऑपरेशन में खून का अत्यधिक बहाव, किडनी खराब होने और नई नस में थक्का जमने जैसे गंभीर खतरे थे। इसलिए सर्जरी के बाद मरीज को खून का थक्का बनने से रोकने के लिए विशेष दवाएं दी जा रही हैं।

इस जटिल ऑपरेशन में यूरोलॉजी, सीवीटीएस और एनेस्थीसिया विभाग के विशेषज्ञों ने मिलकर काम किया। डॉक्टरों की इस टीम की सफलता से दिव्या को नई उम्मीद मिली है।

यह भी पढ़ें : जीत की खुशी अभी ठंडी भी नहीं हुई थी… पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर ICC का चला चाबुक…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments