उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक स्कूल के भीतर गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद 26 वर्षीय सऊद अंसारी ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बैग में तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा युवक
घटना सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे की बताई गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सऊद अंसारी बैग में तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा और शिक्षिका निशात फातिमा को नीचे बुलाया। इसके बाद दोनों स्कूल की दूसरी मंजिल के कॉरिडोर में पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वहां सऊद ने बैग से तमंचा निकाला और निशात के सिर में गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। गोली चलने की आवाज से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
ब्रेकअप के बाद वारदात का आरोप
निशात फातिमा पिछले करीब एक वर्ष से स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम कर रही थीं। शुरुआती पुलिस जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि हाल ही में निशात ने सऊद से रिश्ता खत्म कर लिया था। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर सऊद कथित तौर पर हथियार लेकर स्कूल पहुंचा था। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और दोनों के संबंधों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
बच्चों और स्टाफ में फैली दहशत
स्कूल परिसर में क्लासरूम के पास गोली चलने से बच्चों और कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया। घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। सूचना मिलने के बाद डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी ख्याति गर्ग पुलिस बल तथा फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी के मुताबिक, दोनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है और मृतकों के परिजनों से भी संपर्क किया गया है।
Read More
UNGA 81वें सत्र में भारत का नेतृत्व करेंगे विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, टैरिफ पर चर्चा संभव

