हरियाणा के पलवल जिले में मंगलवार तड़के कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे(KMP Expressway) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। टक्कर के बाद पिकअप में बैठे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का काम शुरू किया।
हालांकि, हादसा इतना गंभीर था कि छह लोगों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। बताया गया है कि मृतकों में मां-बेटे के अलावा चाची और ससुर भी शामिल हैं। हादसे के दौरान पिकअप में सवार एक व्यक्ति की गर्दन वाहन की क्षतिग्रस्त बॉडी में बुरी तरह फंस गई थी। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन की बॉडी काटकर उसे बाहर निकाला। हादसे में घायल 14 लोगों को इलाज के लिए पलवल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मैनपुरी से धार्मिक यात्रा पर निकले थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे। वे शुक्रवार को धार्मिक यात्रा के लिए घर से निकले थे। सोमवार शाम उन्होंने राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद सभी लोग मथुरा के वृंदावन जाने के लिए रवाना हुए थे।
ड्राइवर को नींद आने से हादसे की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को नींद आना मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
[…] पलवल में KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हा… […]