जालंधर कैंट(Jalandhar Cantt) रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रेलवे विजिलेंस की ओर से नहीं बल्कि चंडीगढ़ से पहुंची CBI टीम द्वारा की गई। जानकारी के मुताबिक, CBI इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन स्थित ब्रिज वर्कशॉप में तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर मिलिंद को गिरफ्तार किया।
आरोप है कि इंजीनियर ने एक ठेकेदार से 66 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बताया जा रहा है कि रेलवे के एक ठेकेदार ने इस मामले की शिकायत CBI से की थी। शिकायत मिलने के बाद जांच एजेंसी ने मामले की पड़ताल शुरू की और प्राथमिक जांच के आधार पर जालंधर कैंट में कार्रवाई की गई।
आरोपी को चंडीगढ़ ले गई CBI टीम
कार्रवाई के दौरान CBI ने आरोपी इंजीनियर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम उसे आगे की जांच के लिए अपने साथ चंडीगढ़ ले गई। फिलहाल CBI मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रिश्वत मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
वहीं, RPF थाना प्रभारी रविंदर कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई CBI टीम द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी CBI के चंडीगढ़ कार्यालय से ही प्राप्त की जा सकती है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।