जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026(Asian Games 2026) में भारत ने अपने पदकों का खाता खोल लिया है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवन, सोनम म्हास्कर और विनोद विदरसा की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
भारतीय निशानेबाजों ने टीम इवेंट में कुल 1898 अंक हासिल किए और चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। जापान चौथे स्थान पर रहा, जबकि कोरिया की एक निशानेबाज की सीरीज पूरी नहीं होने के कारण उसका अंतिम स्थान उस समय तय नहीं हुआ था।
इलावेनिल और सोनम ने फाइनल में बनाई जगह
इलावेनिल वलारिवन ने व्यक्तिगत मुकाबले में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 633.5 अंक हासिल किए और व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। भारतीय टीम की सोनम म्हास्कर ने भी फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
टीम स्पर्धा में पोडियम स्थान सुनिश्चित होते ही भारत का रजत पदक तय हो गया। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय शूटिंग टीम ने एशियन गेम्स में देश की पदक तालिका की शुरुआत कर दी।
MMA में सुचिका तारियाल का भी शानदार प्रदर्शन
भारत को MMA में भी अच्छी खबर मिली। महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम वर्ग में सुचिका तारियाल ने अल्तानचिमेग बाइगाल्मा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ उनका पदक भी पक्का हो गया। मुकाबले के दूसरे और अंतिम राउंड में बाइगाल्मा ने आक्रामक खेल दिखाते हुए वापसी की कोशिश की।
हालांकि सुचिका ने अपना डिफेंस मजबूत रखा और लगातार हमलों का सामना किया। मुकाबले के अहम मोड़ पर सुचिका ने शानदार पलटवार करते हुए प्रतिद्वंद्वी को मैट पर गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और जीत हासिल की। इस तरह शूटिंग के सिल्वर के साथ-साथ सुचिका तारियाल ने भी भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित कर दिया है।