HomeBreaking Newsबिहार में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, PM मोदी ने...

बिहार में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, PM मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का किया ऐलान, मरने वालों में एक ही परिवार की 7 बच्चियां

Boat Accident in Vaishali: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में नाव पलटने की दर्दनाक घटना में अब तक 13 बच्चों की मौत हो चुकी है। यह हादसा राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बिहार और केंद्र के कई नेताओं ने शोक जताया है।

PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा है कि ‘बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’

एक ही परिवार के 7 बच्चों की मौत

इस हादसे ने सबसे ज्यादा रामपुर श्यामचंद गांव के रामप्रवेश राय उर्फ राजा के परिवार को तोड़ा है। उनके परिवार के 7 बच्चे नाव हादसे में जान गंवा चुके हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मौके पर पहुंचे डीएम का विरोध करते हुए नारेबाजी भी की।

पुरानी नाव को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे में इस्तेमाल हुई नाव पुरानी और जर्जर थी। उनका कहना है कि नाव को बदलने के लिए कई बार आवेदन दिया गया था, लेकिन इसे बदला नहीं गया। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते नाव नहीं बदले जाने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ, जिसमें 13 बच्चों की जान चली गई।

उपराष्ट्रपति ने भी जताई संवेदना

भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी वैशाली नाव हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की क्षति से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और साहस प्रदान करें। मेरी प्रार्थनाएं इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं उन लोगों की सुरक्षा के लिए भी प्रार्थना करता हूं जो अभी लापता हैं।

सीएम सम्राट चौधरी ने किया मुआवजे का ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

चिराग पासवान ने राहत पहुंचाने के निर्देश दिए

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राघोपुर दियारा में नाव हादसे में कई लोगों, विशेषकर मासूम बच्चों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है। चिराग पासवान ने स्थानीय अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने, घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Read More:

अमृतसर में ISI समर्थित हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, ग्रेनेड और पिस्तौल के साथ तीन गिरफ्तार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments