HomeBreaking Newsचलती ई-रिक्शा में बैटरी ब्लास्ट से लगी आग, इंटर की 2 छात्राएं...

चलती ई-रिक्शा में बैटरी ब्लास्ट से लगी आग, इंटर की 2 छात्राएं झुलसीं; ईयरफोन लगाए ड्राइवर फरार

बिहार के जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक चलती ई-रिक्शा(e-rickshaw) में आग लगने से दो छात्राएं झुलस गईं। हादसा सुबह करीब 9:30 बजे डॉ. नीरज साह के क्लिनिक के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा की बैटरी में अचानक विस्फोट होने के बाद वाहन आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया। एक छात्रा का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है जबकि दूसरी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किए जाने की जानकारी है।

कोचिंग से घर लौट रही थीं छात्राएं

बताया गया है कि ई-रिक्शा में कोचिंग से लौट रही तीन छात्राओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोग सवार थे। सभी जमुई से अपने गांव भगवाना की ओर जा रहे थे। महिसौड़ी चौक से आगे बढ़ने के दौरान वाहन से धुआं निकलने लगा।

आरोप है कि छात्राओं ने चालक को धुएं के बारे में बताया, लेकिन वह कान में ईयरफोन लगाए वाहन चलाता रहा और नहीं रुका। कुछ देर बाद क्लिनिक के पास बैटरी फट गई और आग तेजी से फैल गई। हालांकि, चालक की भूमिका और हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नेहा कुमारी पटना रेफर, दूसरी छात्रा का इलाज जारी

घायल छात्राओं की पहचान नेहा कुमारी और अंजनी कुमारी के रूप में हुई है। नेहा, सदर प्रखंड के भगवाना गांव निवासी मनोहर महतो की 20 वर्षीय बेटी हैं। उन्हें गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया। दूसरी छात्रा अंजनी कुमारी का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

जांच में जुटी पुलिस

आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने छात्राओं को बचाने की कोशिश की। बाद में दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। ई-रिक्शा चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : 25 FIR और 1 साल की जेल! दिल्ली में धारा 163 लागू, घर से निकलने से पहले जान लें…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments