BAT BMS App E-Rickshaw Battery: बीते कुछ दिनों से BAT-BMS नाम के एक मोबाइल ऐप को लेकर ई-रिक्शा चालकों के बीच चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दावा किया जा रहा है कि ब्लूटूथ के जरिए इस ऐप की मदद से चलते हुए ई-रिक्शा की बैटरी को दूर से लॉक या बंद किया जा सकता है। इन दावों के बाद ड्राइवरों और इलेक्ट्रिक वाहन सवारियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बिजनौर से सामने आई शिकायतें
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना नगर में कई ई-रिक्शा चालकों ने शिकायत की है कि पिछले दो दिनों से चलते समय उनके ई-रिक्शा अचानक बंद या लॉक हो रहे हैं। चालकों का आरोप है कि यह किसी तरह का साइबर अटैक हो सकता है। ड्राइवर्स के अनुसार जिले में अब तक करीब 80 ई-रिक्शा लॉक होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इस मामले को लेकर बड़ी संख्या में चालक डबल फाटक स्थित चित्तौड़गढ़ चौकी पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
रोजगार और सुरक्षा दोनों पर असर
ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि अचानक वाहन बंद होने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। साथ ही सड़क पर हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चर्चा में आए BAT-BMS ऐप की जांच कर कार्रवाई की जाए। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, केवल नगीना क्षेत्र में ही करीब एक हजार परिवार ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करते हैं। ऐसे में यदि यह समस्या लगातार बनी रहती है तो इसका असर हजारों लोगों की आय पर पड़ सकता है।
Chinese app BAT-BMS sparks panic by remotely shutting off e-rickshaws & scooters via Bluetooth on their batteries.💀 pic.twitter.com/oeyG2haBqN
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) July 1, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावे
इन दिनों सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि BAT-BMS ऐप के जरिए सड़क पर चल रहे किसी भी ई-रिक्शा को दूर से रोका जा सकता है। कुछ वीडियो में ऐप से बैटरी को डिसेबल या लॉक करते हुए भी दिखाया गया है। हालांकि इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्या है BAT-BMS ऐप?
BAT-BMS एक मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसे चीन की कंपनी Shenzhen Greenenergy Technology ने बनाया है। यह ऐप फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर है, जबकि पहले यह एप्पल ऐप स्टोर पर भी मौजूद था, लेकिन अब वहां से हटा दिया गया है। कंपनी मुख्य रूप से स्मार्ट और लिथियम बैटरियों का निर्माण करती है और अलग-अलग देशों में उन्हें भेजती है। यह ऐप ब्लूटूथ इनेबल्ड स्मार्ट लिथियम बैटरियों की निगरानी के लिए तैयार किया गया है।
ऐप से क्या-क्या किया जा सकता है?
BAT-BMS ऐप से बैटरी का चार्जिंग लेवल, वोल्टेज, डिस्चार्ज करंट, सेल वोल्टेज, तापमान और अन्य तकनीकी जानकारियां देखी जा सकती हैं। कुछ स्मार्ट बैटरियों में चार्जिंग को ऑन-ऑफ करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होती हैं। यानी यह ऐप मुख्य रूप से बैटरी की निगरानी और प्रबंधन के लिए बनाया गया है।
जांच में क्या मिला?
सोशल मीडिया पर वायरल दावों की पड़ताल के दौरान ऐप को एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड कर जांचा गया। इसमें बैटरी से कनेक्ट होने, उसकी स्थिति देखने और चार्जिंग ऑन-ऑफ करने जैसे विकल्प दिखाई दिए। हालांकि किसी भी ई-रिक्शा को सीधे बंद या लॉक करने का अलग से कोई ऑप्शन नहीं मिला। सड़क पर खड़े कुछ ई-रिक्शा के पास ऐप की जांच के दौरान ब्लूटूथ के जरिए एक डिवाइस से कनेक्शन बनने का संकेत मिला, लेकिन कंट्रोल सेक्शन खोलने पर पासवर्ड मांगा गया। सामान्य पासवर्ड जैसे 1234 और 0000 दर्ज करने पर भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। ऐसे में फिलहाल यह साफ नहीं है कि सोशल मीडिया पर किए जा रहे सभी दावे सही हैं या नहीं।
Read More:
अमित शाह के आवास पर रखी गई BJP की बड़ी बैठक, नए संगठन और नितिन नवीन की टीम पर हुई अहम चर्चा

