HomeBreaking Newsजम्मू-कश्मीर में लश्कर-TRF के फंडिंग नेटवर्क का खुलासा, लोगों से पैसे जुटाने...

जम्मू-कश्मीर में लश्कर-TRF के फंडिंग नेटवर्क का खुलासा, लोगों से पैसे जुटाने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर(Jammu and Kashmir) में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शोपियां में आतंकी फंडिंग से जुड़े एक नेटवर्क का पता लगाया है। इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से कथित तौर पर जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार जम्मू-कश्मीर की अलग-अलग जेलों में बंद आतंकियों और उनके सहयोगियों से जुड़े हुए थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी आम लोगों से गुप्त तरीके से पैसे इकट्ठा करते थे। इसके बाद अलग-अलग वित्तीय माध्यमों से यह रकम आतंकियों तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस का आरोप है कि इस पैसे का इस्तेमाल आतंकियों की गतिविधियों में मदद करने के लिए किया जाता था। गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपी शोपियां, पुलवामा और कठुआ जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

शोपियां, पुलवामा और कठुआ से हुई गिरफ्तारियां

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में शोपियां के सैदपोरा बाला निवासी ओवैस शफी नाइकू, रावलपोरा के तजामुल अहमद शाह, चित्रगाम कलां के मोज इरबाल और इमदाद यूसुफ गनई शामिल हैं।

इसके अलावा पुलवामा के मुर्रन से साकिब जहूर वानी और लियाकत नजीर लोन, अरमोह से आमिर अहमद गनई, शोपियां के नादिगुंड (ट्रेंज) से फिरदौस ठोकर और कठुआ के चेक हरिया से मोहम्मद हनीफ तथा काजू को गिरफ्तार किया गया है।

ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से मिला नेटवर्क का सुराग

पुलिस ने बताया कि अलग-अलग ऑनलाइन पेमेंट प्लेटफॉर्म पर हुए संदिग्ध लेनदेन की जांच के दौरान इस नेटवर्क का पता चला। मामले में शोपियां पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

जांच के मुताबिक, जुटाई गई रकम से आतंकियों को स्मार्टफोन और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती थीं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई है।

2019 के बाद चर्चा में आया था TRF

द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद सामने आया था। भारत सरकार इसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा प्रॉक्सी आतंकी संगठन मानती है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस संगठन पर जवानों और आम नागरिकों को निशाना बनाने के साथ हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप रहे हैं। फिलहाल शोपियां में पकड़े गए नेटवर्क की जांच जारी है और पुलिस इसकी पूरी कड़ी का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें : खाटू श्याम जाने से पहले बालकनी से तोड़ रहे थे फूल, ग्रेटर नोएडा में 23वीं…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments