HomeBreaking Newsलखनऊ में BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह...

लखनऊ में BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बैठक में होंगे शामिल

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) शुक्रवार को लखनऊ(Lucknow) में प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करने जा रही है। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। वह कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन सत्र को संबोधित करेंगे।

डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में होने वाली इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के साथ संगठन की मौजूदा स्थिति पर भी मंथन किया जाएगा। पार्टी का मुख्य उद्देश्य तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए संगठन को मजबूत करना और चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है।

तीन सत्रों में होगी चुनावी रणनीति पर चर्चा

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को तीन अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया जाएगा। इनमें संगठन की गतिविधियों, राजनीतिक परिस्थितियों और चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। दूसरे सत्र में विशेष रूप से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के राजनीतिक एजेंडे पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा उन क्षेत्रों और बूथों की पहचान की जाएगी जहां भाजपा को अपनी पकड़ मजबूत करने की जरूरत है। बैठक में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं, गरीब कल्याण, सुशासन और सरकार के प्रमुख फैसलों को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा।

सुबह 11 बजे लखनऊ पहुंचेंगे अमित शाह

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे।

इसके बाद अमित शाह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर उसका उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक, वह दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इस तरह उनका लखनऊ दौरा लगभग चार घंटे का रहेगा।

कार्यकर्ताओं को मिलेगा चुनावी तैयारी का संदेश

इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए तैयार रहने का संदेश देंगे। संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने, कमजोर क्षेत्रों में काम बढ़ाने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : हरियाणा के गन्ना किसानों को CM सैनी की ओर से दिवाली गिफ्ट…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments