उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर क्षेत्र में पहचान छिपाकर एक युवती के साथ करीब सात साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हबीब्बाला गांव के रहने वाले सलमान ने खुद को संदीप बताकर देवरिया की 28 वर्षीय युवती से दोस्ती की और शादी का भरोसा देकर उसके साथ रहने लगा। इस दौरान दोनों के तीन बच्चे हुए। युवती को युवक की असली पहचान का पता तब चला, जब वह बच्चों को टीका लगवाने गई और आधार कार्ड में उसका नाम सलमान दर्ज मिला। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।
ऑटो में सफर के दौरान हुई थी पहचान
जानकारी के मुताबिक, युवती वर्ष 2019 से चंडीगढ़ के एक मॉल में नौकरी करती थी। इसी दौरान धामपुर क्षेत्र के हबीब्बाला गांव का रहने वाला सलमान ऑटो चलाकर उसे रोजाना लाने-ले जाने लगा। इसी सिलसिले में दोनों की जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। युवती का आरोप है कि सलमान ने शुरुआत में अपना नाम संदीप बताया था। उसकी असली पहचान से अनजान युवती ने उस पर भरोसा कर लिया। बाद में शादी का वादा करने पर दोनों साथ रहने लगे। करीब सात साल तक चले इस रिश्ते में उनके तीन बच्चे हुए। युवती का कहना है कि इतने लंबे समय तक साथ रहने के बावजूद उसे युवक की वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी नहीं थी।
आधार कार्ड से सामने आई पहचान
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले सलमान युवती और बच्चों को अपने गांव हबीब्बाला लेकर आया था। वहां करीब एक महीने रहने के दौरान युवती बच्चों को टीका लगवाने गई। इसी दौरान आधार कार्ड से उसे पता चला कि जिस व्यक्ति को वह संदीप समझ रही थी, उसका असली नाम सलमान है।युवती के मुताबिक, पहचान सामने आने के बाद उसने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद हो गया। आरोप है कि सलमान ने उसके साथ मारपीट की और तीनों बच्चों को अपने पास रखकर उसे घर से निकाल दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि सलमान के परिजनों ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया था। उसने इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया।
आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार
युवती ने मामले में पुलिस से शिकायत की। उसका कहना है कि शुरुआत में उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। बिजनौर के पुलिस अधीक्षक के.के. बिश्नोई के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं और चंडीगढ़ में दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। मामले में पहचान छिपाने, शादी का भरोसा देने, मारपीट और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
Read More
शिखर धवन के लिए सोफी शाइन ने रखा पहला करवा चौथ, बोलीं- ‘खुद को बहुत खुशनसीब मानती हूं’


[…] […]