राजधानी दिल्ली में बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लाहौरी गेट इलाके में बुधवार, 28 अक्टूबर को चार आरोपी एक दफ्तर में घुसे और पिस्टल की नोक पर कर्मचारी को डराकर 2 करोड़ 30 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने दफ्तर की अलमारी में रखी नकदी बैग में भरी और मौके से निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कर्मचारी को पिस्टल दिखाकर अलमारी से निकाली नकदी
जानकारी के मुताबिक, चार आरोपी लाहौरी गेट स्थित दफ्तर में दाखिल हुए। वहां मौजूद कर्मचारी को पिस्टल दिखाकर डराया गया और अलमारी में रखी नकदी अपने कब्जे में ले ली गई। बदमाश कैश को बैग में भरकर दफ्तर से निकल गए। लूटी गई रकम करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी एक कार में बैठकर फरार हो गए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार किसकी थी और आरोपी किस रास्ते से मौके से निकले।
CCTV फुटेज खंगाल रहीं पुलिस की चार टीमें
लूट की सूचना मिलने के बाद लाहौरी गेट थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। जांच में दफ्तर से लेकर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने तक आरोपियों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की थी या नहीं।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल आरोपियों ने अपने चेहरे नहीं ढके हुए थे। ऐसे में सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी पहचान किए जाने की उम्मीद है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। फिलहाल जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही लूट की पूरी साजिश, नकदी के बारे में उनकी जानकारी और वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की टीमें मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
Read More


[…] दिल्ली में दिनदहाड़े 2.30 करोड़ रुपये की… […]