दिल्ली के संगम विहार इलाके में रविवार रात एक घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। सैनिक बाजार इलाके में हुई घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जन्मदिन मनाने बाहर गया था परिवार
पीड़ित महिला मोमीना ने बताया कि रविवार को उनकी पोती का जन्मदिन था। परिवार पहले सुंदर नर्सरी में जन्मदिन मनाने गया और फिर लाजपत नगर में डिनर किया। इसके बाद घर लौटने से पहले बेटी के कहने पर केक काटने के लिए परिवार हौज खास चला गया। मोमीना के अनुसार, उनका बड़ा बेटा फर्दीन भी उस दौरान किसी काम से घर से बाहर चला गया था। उनके पति भी सुबह घर से निकले थे। बाद में फोन पर पति ने बताया कि वह करीब 30 से 45 मिनट में घर पहुंच जाएंगे। मोमीना ने कहा कि उन्हें भी लौटने में कुछ समय लगेगा। परिवार के मुताबिक, इसी दौरान घर खाली था।
घर पहुंचते ही टूटा शीशा और गेट मिला
मोमीना ने बताया कि उनके पति जब घर पहुंचे तो उन्होंने फोन कर पूछा कि क्या ऊपर या दूसरा गेट खुला रह गया था। जवाब मिलने के बाद उन्होंने बताया कि घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त है। घर का शीशा टूटा हुआ था और ऊपर का गेट भी क्षतिग्रस्त था। ड्रेसिंग एरिया समेत कई स्थानों के ताले भी टूटे मिले।
गहने और नकदी गायब
पीड़िता के मुताबिक, चोर परिवार के कई सदस्यों के गहने और नकदी ले गए। इसमें उनकी बहू की चेन, नकदी और चूड़ियां, मोमीना की अपनी चूड़ियां तथा बेटियों के जेवर शामिल हैं। हालांकि, चोरी गए सामान की कुल कीमत अभी सामने नहीं आई है। मोमीना ने कहा कि फिलहाल वह ज्यादा जानकारी नहीं दे सकतीं और पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद पुलिस और FSL टीम ने घर का निरीक्षण किया। टूटे शीशे, क्षतिग्रस्त गेट और ताले समेत अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और घर में किस रास्ते से प्रवेश किया गया। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है।
Read More
‘रोजगार लेने वाले नहीं, देने वाले बनें’ CM योगी की युवाओं से अपील


[…] […]
[…] […]