उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उस समय सनसनी फैल गई, जब चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी से एक लावारिस लाल रंग के ट्रॉली बैग में संदिग्ध मानव अवशेष बरामद हुए। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले रेलवे की 139 हेल्पलाइन पर बैग से द्रव्य रिसने की सूचना मिली थी। इसके बाद GRP और RPF की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बैग को कब्जे में लिया। शुरुआती जांच में बैग के भीतर सड़े-गले मानव अवशेष होने की आशंका जताई गई है।
कई पहलुओं पर जांच शुरू
GRP के क्षेत्राधिकारी राजेश दीक्षित ने बताया कि तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से एक पॉलिथीन भी बरामद हुई, जिस पर ‘चेन्नई’ लिखा था। इस सुराग के आधार पर जांच की जा रही है कि बैग ट्रेन में चेन्नई से रखा गया था या फिर रास्ते में किसी अन्य स्टेशन से कोच में लाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद अवशेष काफी हद तक सड़ चुके थे और उनका रंग काला पड़ गया था। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की हत्या या संदिग्ध मौत के बाद शव को ठिकाने लगाने के लक्ष्य से उसे ट्रॉली बैग में रखकर ट्रेन में छोड़ दिया गया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।
CCTV फुटेज और यात्रा रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए जीआरपी तमिलनाडु एक्सप्रेस के यात्रा रिकॉर्ड, विभिन्न रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का कोशिश कर रही हैं कि ट्रॉली बैग को ट्रेन में किसने रखा और वह किस स्टेशन से कोच में चढ़ाया गया। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है।
Read More
‘यौम-ए-इस्तेहसाल’ पर भारत का पाकिस्तान को करारा जवाब, कहा – यह राजनीतिक ढोंग और दुष्प्रचार

