भारतीय रेलवे(Railway) ने वातानुकूलित (AC) श्रेणी में RAC टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेल मंत्रालय ने सभी रेलवे जोनों और मंडलों को निर्देश जारी कर साफ कहा है कि AC कोच में RAC टिकट वाले हर यात्री को पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए। इसमें चादर, तकिया और कंबल शामिल होंगे। रेल मंत्रालय ने यह कदम यात्रियों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उठाया है।
कई यात्रियों ने शिकायत की थी कि RAC टिकट पर AC कोच में सफर करने के बावजूद उन्हें बेडरोल किट नहीं मिल रही थी या फिर जरूरत के मुताबिक पर्याप्त संख्या में किट उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। मंत्रालय ने 4 अगस्त को जारी निर्देश में कहा कि रेलवे बोर्ड के पहले से जारी नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि RAC यात्रियों को भी कंफर्म टिकट वाले यात्रियों जैसी सुविधाएं मिल सकें।
कहां लागू होगा ये नियम ?
रेलवे के नए निर्देश के मुताबिक, AC चेयर कार को छोड़कर सभी वातानुकूलित डिब्बों में RAC टिकट पर यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री को पूरा बेडरोल किट दिया जाएगा। यानी अब RAC यात्रियों को सफर के दौरान चादर, तकिया और कंबल के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
रेलवे की RAC व्यवस्था में एक सीट पर दो यात्रियों को यात्रा करने की अनुमति होती है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। रेलवे का कहना है कि इस निर्देश का सख्ती से पालन कराया जाएगा ताकि AC श्रेणी में यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को बेहतर और समान सुविधाएं मिल सकें।