PM Narendra Modi Meeting with NDA MP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह NDA के 37 सांसदों के साथ नाश्ते पर मुलाकात की है। यह बैठक सामान्य राजनीतिक बैठकों से अलग रही, जहां प्रधानमंत्री ने परिवार जैसे माहौल में सांसदों से खुलकर बातचीत की और अपने राजनीतिक व व्यक्तिगत अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने पब्लिक लाइफ में सतर्क रहने, जनता से जुड़े रहने और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाने को लेकर कई अहम सुझाव दिए।
गलत चीजों में मत फंसिए- PM मोदी
बैठक में प्रधानमंत्री ने सांसदों को साफ संदेश दिया कि सार्वजनिक जीवन में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी मुश्किल का कारण बन सकती है। उन्होंने सांसदों से कहा कि गलत चीजों में मत फंसिए और किसी भी तरह की गलत मेहमाननवाजी स्वीकार करने से बचें। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सार्वजनिक जीवन में कई लोग संपर्क करने की कोशिश करेंगे, इसलिए हर कदम सोच-समझकर उठाना जरूरी है।
लेटर पैड और हस्ताक्षर को लेकर भी चेताया
प्रधानमंत्री ने सांसदों को अपने लेटर पैड और हस्ताक्षर के इस्तेमाल को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ये दस्तावेज या हस्ताक्षर किसी भी स्थिति में गलत हाथों में नहीं जाने चाहिए, क्योंकि उनका दुरुपयोग सार्वजनिक जीवन में गंभीर परेशानी खड़ी कर सकता है। उनका संदेश था कि राजनीति में भरोसा बनाना कठिन होता है, लेकिन उसे खोना बहुत आसान है।
जनता से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सांसदों की जिम्मेदारी केवल संसद तक सीमित नहीं है। उन्होंने सांसदों से रोजाना जनता के बीच जाने, उनकी समस्याओं को समझने और लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की है। उनके मुताबिक, सिर्फ चुनाव के समय लोगों के बीच जाना काफी नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधि को हर समय जनता के संपर्क में रहना चाहिए। PM मोदी ने सांसदों से अपनी दिनचर्या की बात करते हुए कहा कि उन्हें बेड पर जाते ही महज 8 सेकेंड के अंदर ही नींद आ जाती है। PM ने आगे कहा कि वो महज तीन घंटे ही सोते हैं। PM मोदी ने Gen Z पर कहा कि पहले आप उनको सुने फिर वो आपकी भी सुनेंगे।
विपक्ष के साथ टकराव नहीं, संवाद का रास्ता अपनाने की सलाह
बैठक में प्रधानमंत्री ने विपक्षी नेताओं के साथ व्यवहार को लेकर भी अपनी राय साझा की है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष का कोई नेता गलत बात कहता है तो सीधे टकराव के बजाय उसे समझाने की कोशिश करनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने सांसदों को लोगों का भरोसा और दिल जीतने वाली राजनीति पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी है।
युवाओं की समस्याओं को समझने का दिया संदेश
प्रधानमंत्री ने युवाओं को लेकर भी सांसदों को खास सलाह दी है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी बात और समस्याएं खुलकर रखना चाहते हैं। ऐसे में सांसदों को उनकी बात शांति से सुननी चाहिए। प्रधानमंत्री के अनुसार, किसी भी समस्या का प्रभावी समाधान तभी निकल सकता है, जब उसकी जड़ को समझा जाए। उन्होंने युवाओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
संसद में सक्रिय भूमिका निभाने की सीख
प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से संसद की कार्यवाही में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने और सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांसदों को अपने संसदीय कार्यकाल का अधिकतम उपयोग करना चाहिए। साथ ही सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के सांसदों से सीखने और सभी दलों के सदस्यों के साथ रचनात्मक तरीके से काम करने की सलाह भी दी।
योग, फिटनेस और समय प्रबंधन के अनुभव किए शेयर
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी दिनचर्या, योग, फिटनेस और व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय प्रबंधन को लेकर भी सांसदों से चर्चा की। यह मुलाकात संसद सत्र के दौरान अलग-अलग समूहों में सांसदों से हो रही बैठकों की श्रृंखला का हिस्सा थी। इस बैठक में पहली बार चुने गए बीजेपी सांसदों के साथ दूसरी पार्टियों से बीजेपी में शामिल हुए सांसद भी मौजूद रहे। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन भी इस दौरान बैठक में शामिल हुए।
Read More:
मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ गाने पर आसमान नहीं गिर पड़ेगा… कलकत्ता हाई कोर्ट की टिप्पणी

