Wife kills Husband: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां साड़ी नहीं लाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। आरोप है कि गुस्से में महिला ने पहले प्रेशर कुकर के ढक्कन से पति पर हमला किया और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनीता देवी हरराम सिंह (30), जो मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली है, को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। मृतक की पहचान हरराम किशुनजी सिंह (35) के रूप में हुई है। घटना 19 जुलाई को बदलापुर ईस्ट स्थित उनके घर में हुई थी, जहां साड़ी नहीं लाने को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, ‘पीड़ित हरराम किशुनजी सिंह (35) 19 जुलाई को बदलापुर ईस्ट स्थित अपने घर पर थे, तभी साड़ियां न लाने को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर महिला ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से उन पर हमला किया और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।’
ढक्कन से पति पर किया किया
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवाद बढ़ने के बाद महिला ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से पति पर हमला किया। इसके बाद उसने गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने मामले को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की।
मेडिकल रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया था। हालांकि सरकारी अस्पताल से मिली मेडिकल रिपोर्ट में मौत को अप्राकृतिक बताया गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू की।
पत्नी को किया गया गिरफ्तार
रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि मौत अप्राकृतिक थी और गला घोंटने के कारण दम घुटने से हुई थी। इसके बाद मृतक के परिवार वालों और मकान मालिक से की गई पूछताछ में पत्नी पर गहरा शक हुआ। बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर नितिन पाटिल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और पूछताछ के बाद पुलिस का शक आरोपी पत्नी पर गहराया। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
29 जुलाई तक पुलिस हिरासत
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को स्थानीय अदालत ने आरोपी सुनीता देवी को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है। घटना का खुलासा होने के बाद इलाके के लोग भी इस वारदात से हैरान हैं।
Read More:
प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में अलर्ट जारी, सुरक्षा के चलते DMRC ने 16 मेट्रो स्टेशन किए बंद

