HomeBreaking Newsगायब हुए पिता को ढूंढने के लिए बेटी लगाती रही गुहार... उधर...

गायब हुए पिता को ढूंढने के लिए बेटी लगाती रही गुहार… उधर अपनों ने ही कर दिया मर्डर, जायदाद के लालच में NRI की हत्या

Amritsar NRI Murder Case: पंजाब के अमृतसर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहने वाले एनआरआई सुनील शर्मा की उनके अपने ही सगे भाई के परिवार ने करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में आरोप है कि इस साजिश में उनके अपने भाई, भाभी और अन्य लोगों ने मिलकर उनकी हत्या की है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

ऑस्ट्रेलिया से कोठी बेचने आए थे सुनील

पुलिस के अनुसार सुनील शर्मा 22 मई 2026 को ऑस्ट्रेलिया से भारत पहुंचे थे। वह अमृतसर स्थित अपनी कोठी की मरम्मत और बिक्री से जुड़े काम के सिलसिले में पंजाब आए थे। हालांकि भारत पहुंचने के अगले ही दिन उनके लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

दोस्त ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

अमृतसर देहाती के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल के मुताबिक 23 मई 2026 को फतेहगढ़ चूड़ियां निवासी गौरव कंधारी ने थाना कंबो में अपने मित्र सुनील शर्मा के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। लगातार संपर्क न होने पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संपत्ति हड़पने की रची गई थी साजिश

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुनील शर्मा के भाई सतीश शर्मा उर्फ सन्नी ने कुछ प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलकर उनकी संपत्ति कब्जाने की योजना बनाई थी। आरोप है कि पहले धोखे से पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार करवाई गई और बाद में सुनील शर्मा की दोनों कोठियां अपने नाम करवा ली गईं। पुलिस का कहना है कि इसी साजिश के तहत उन्हें कोठी बेचने के बहाने अमृतसर बुलाया गया था।

खाने में मिलाई नींद की गोलियां

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने योजना के मुताबिक सुनील शर्मा के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। जब वह अचेत हो गए तो उनके भाई सतीश शर्मा और भतीजे सुनीश शर्मा ने बेसबॉल बैट से उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को नहर में फेंकने का आरोप

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक सतीश शर्मा की पत्नी अनुष्का शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंची थी। इसके बाद शव को एक गद्दे में लपेटकर मृतक की कार में रखा गया और हरिके हेडवर्क्स के पास नदी में फेंक दिया गया। वहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए सुनील शर्मा की कार को श्री दरबार साहिब की पार्किंग में खड़ा कर दिया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में सतीश शर्मा, उसकी पत्नी अनुष्का शर्मा, बेटे सुनीश शर्मा और लक्ष्मण सिंह उर्फ बल्ल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मनजिंदर सिंह और जजबीर सिंह उर्फ बाबा को भी मामले में नामजद किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

शव की तलाश में जुटी पुलिस

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीमों ने हरिके पत्तन पहुंचकर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण अब तक सुनील शर्मा का शव बरामद नहीं किया जा सका है। पुलिस का कहना है कि शव की तलाश और मामले की जांच लगातार जारी है।

बेटी ने लगाई थी गुहार

यह मामला तब भावुक हो गया जब ऑस्ट्रेलिया में रह रही सुनील शर्मा की बेटी ने एक वीडियो जारी कर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपने पिता को खोजने में मदद की गुहार लगाई। पुलिस की जांच से पता चला है कि संपत्ति के विवाद के कारण उनकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस अभी फरार आरोपी की तलाश कर रही है, जबकि मृतक का शव बरामद करने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

Read More:

रसोई पर महंगाई की मार! घरेलू LPG सिलेंडर के बढ़े दाम, गैस के लिए अब इतनी चुकानी होगी कीमत

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments