HomeBreaking Newsरसोई पर महंगाई की मार! घरेलू LPG सिलेंडर के बढ़े दाम, गैस...

रसोई पर महंगाई की मार! घरेलू LPG सिलेंडर के बढ़े दाम, गैस के लिए अब इतनी चुकानी होगी कीमत

LPG Domestic Gas Cylinder Price Hike: महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। गैस कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में 29 रुपये का इजाफा किया है। नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपये हो गई है। इससे घरों का मासिक रसोई बजट और प्रभावित होने की आशंका है।

जानें क्या है आपके शहर का रेट?

देश के कई प्रमुख शहरों में नई दरें लागू हो गई हैं। दिल्ली में सिलेंडर का दाम 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गया है। पटना में यह 1002.50 रुपये से बढ़कर 1031.50 रुपये, हैदराबाद में 967 रुपये से 996 रुपये, लखनऊ में 951 रुपये से 980 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये से बढ़कर 968 रुपये हो गया है। वहीं चेन्नई में घरेलू सिलेंडर की कीमत 928.50 रुपये से बढ़कर 957.50 रुपये, जयपुर में 916.50 रुपये से 945.50 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये से 941.50 रुपये और बेंगलुरु में 915.50 रुपये से 944.50 रुपये पहुंच गई है।

क्यों बढ़ाए गए रेट?

मध्य-पूर्व में जारी तनाव के कारण वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर दबाव बढ़ा है। साथ ही सरकारी तेल कंपनियां लंबे समय से लागत से कम कीमत पर एलपीजी बेच रही थीं, इसलिए अंडर-रिकवरी की आंशिक भरपाई के लिए यह बढ़ोतरी की गई है।

पहले कमर्शियल सिलेंडर भी हो चुका है महंगा

पिछले कुछ महीनों में एलपीजी की कीमतों में लगातार बदलाव देखने को मिला है। सरकार ने एक मई को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए थे। उस समय कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये और 5 किलो वाले सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद एक जून को कमर्शियल सिलेंडर के दाम में फिर 42 रुपये का इजाफा किया गया। अब घरेलू सिलेंडर के महंगे होने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

होर्मुज संकट के बावजूद सप्लाई सामान्य

एलपीजी की उपलब्धता को लेकर केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार देशभर में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। मंत्रालय का कहना है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और होर्मुज क्षेत्र में बने तनाव के बावजूद किसी भी क्षेत्र में गैस की कमी की स्थिति नहीं है और रिटेल एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

कालाबाजारी रोकने के लिए सख्ती

सरकार ने यह भी कहा है कि एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। मंत्रालय के मुताबिक देश में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जबकि सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता के साथ काम कर रही हैं। इसके अलावा घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है ताकि आपूर्ति प्रभावित न हो।

ऑनलाइन बुकिंग पर जोर

सरकार के अनुसार रसोई गैस की ऑनलाइन बुकिंग में वृद्धि दर्ज की गई है और यह आंकड़ा अब 99 प्रतिशत तक पहुंच गया है। वहीं लगभग 95 प्रतिशत गैस सिलेंडरों की डिलीवरी ग्राहकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए ऑथेंटिकेशन कोड के आधार पर की जा रही है।

Read More:

चकाचौंध के पीछे का अंधेरा, मुंबई को चमकाने वाले कंस्ट्रक्शन वर्कर्स प्लास्टिक की बोरियों पर सोने को मजबूर

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments