Punjab Border Pakistani Nationals Arrested: पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पाकिस्तानियों को भारतीय सीमा में दाखिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों व्यक्ति एक सफेद रंग की वैन में सवार थे और भारतीय इलाके में घूमते पाए गए। फिलहाल खालड़ा पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पेट्रोलिंग के दौरान पकड़ी गई वैन
जानकारी के मुताबिक, बीएसएफ की 142वीं बटालियन के जवान गांव वां तारा सिंह इलाके में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जवानों को एक सफेद रंग की सुजुकी वैन भारतीय सीमा क्षेत्र में संदिग्ध हालत में दिखाई दी। जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पिलर नंबर 140-1 और 141-20 के बीच वाहन को रोक लिया।
दोनों की पहचान लाहौर निवासी के रूप में हुई
पूछताछ के दौरान वाहन में सवार दोनों लोगों की पहचान मोहम्मद सलीम और आमिर नवाज के रूप में हुई। मोहम्मद सलीम की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है और वह लाहौर के नस्तर कॉलोनी फिरोजपुर रोड का निवासी है। वहीं आमिर नवाज (40) गाजी रोड स्थित यासीन टावर, लाहौर का रहने वाला बताया गया है।
खुद को समाजसेवी संगठन का कार्यकर्ता बताया
बीएसएफ की शुरुआती पूछताछ में दोनों पाक नागरिकों ने दावा किया कि वे गांवों में बच्चों को पढ़ाई के लिए किताबें बांटने आए थे। उनका कहना है कि रास्ता भटकने के कारण वे गलती से भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां उनके दावों की गहराई से जांच कर रही हैं।
पुलिस कर रही पूछताछ
बीएसएफ ने प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपियों को थाना खालड़ा पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह के अनुसार, दोनों के पास से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सीमा पार करने के पीछे उनका वास्तविक उद्देश्य क्या था।
सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
भारत-पाक सीमा पर लगातार बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के बीच इस घटना को गंभीरता से देखा जा रहा है। बीएसएफ और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते रोका जा सके।
Read More:

