उत्तराखंड के नैनीताल में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। लोगों के अनुसार कार खाई में गिरते हुए एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह नीचे पूरी तरह गिरने के बजाय बीच में ही अटक गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
रस्सियों के सहारे नीचे उतरी रेस्क्यू टीम
इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, SDRF और SSB की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दल को रस्सियों के सहारे खाई में उतरना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। मौके पर SP क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बरेली के रहने वाले थे सभी मृतक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी थे। पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी हुई है और परिजनों को हादसे की सूचना दी जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार या वाहन से नियंत्रण खोने की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
Read More

