HomeBreaking Newsदिल्ली के हुनर को मिलेगी नई उड़ान, CM रेखा गुप्ता लाई -...

दिल्ली के हुनर को मिलेगी नई उड़ान, CM रेखा गुप्ता लाई – ‘टैलेंट हंट स्कीम’

दिल्ली सरकार ने राजधानी के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच देने की दिशा में नई पहल की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता(CM Rekha Gupta) ने बुधवार को ‘टैलेंट हंट स्कीम – हौसलों की उड़ान 2026-27’ की घोषणा करते हुए कहा कि यह योजना केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवाओं के सपनों को पहचान देने और उन्हें नई दिशा देने का अभियान है। जन सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार यह लोगो युवाओं के आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और ऊंची उड़ान भरने की आकांक्षाओं का प्रतीक है। इस मौके पर कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।

CM रेखा ने कहा कि दिल्ली का हर युवा किसी न किसी क्षेत्र में प्रतिभाशाली है, जरूरत सिर्फ सही मंच और अवसर की है। इसी सोच के साथ सरकार ने इस योजना को तैयार किया है, ताकि युवा अपनी कला को सामने ला सकें और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें। योजना का संचालन दिल्ली सरकार का कला, संस्कृति और भाषा विभाग करेगा। इसके जरिए युवाओं को न सिर्फ अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का मौका भी मिलेगा।

70 विधानसभा क्षेत्रों से युवा लेंगे हिस्सा 

यह योजना दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में लागू की जाएगी। इसके लिए सरकार ने 10 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। अनुमान है कि करीब 25 हजार से अधिक युवा अलग-अलग चरणों में इसमें हिस्सा लेंगे। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा ताकि हर प्रतिभागी को समान अवसर मिल सके।

16 से 35 वर्ष की आयु के युवा इस योजना में भाग ले सकेंगे। इच्छुक प्रतिभागी मंगलवार से दिल्ली टैलेंट हंट पोर्टल पर जाकर मुफ्त में ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसी पोर्टल पर प्रतियोगिता से जुड़ी सभी जानकारी और अपडेट भी उपलब्ध रहेंगे।

7 श्रेणियों में आयोजित होंगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता को सात प्रमुख श्रेणियों में आयोजित किया जाएगा। इनमें गायन, नृत्य, अभिनय एवं रंगमंच, वाद्य संगीत, संगीत रचना, फाइन आर्ट एवं डिजिटल आर्ट, तथा मूर्तिकला एवं पॉटरी जैसी विधाएं शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य पारंपरिक कला और आधुनिक रचनात्मकता दोनों को समान महत्व देना है। चयन प्रक्रिया को चार चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन और स्क्रीनिंग होगी।

इसके बाद क्लस्टर स्तर, जोनल स्तर और अंत में राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा। अगस्त में होने वाले फाइनल मुकाबले में कुल 28 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विजेताओं का चयन विशेषज्ञ ज्यूरी और ऑनलाइन पब्लिक वोटिंग के आधार पर किया जाएगा जिसमें 75 प्रतिशत अंक ज्यूरी और 25 प्रतिशत जनता की वोटिंग से तय होंगे।

आकर्षक पुरस्कार देगी सरकार

सरकार ने विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी घोषित किए हैं। प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 2.5 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 2 लाख रुपये, तीसरे स्थान पर 1.5 लाख रुपये और चौथे स्थान पर 1 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, मेडल और सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हौसलों की उड़ान’ सिर्फ एक टैलेंट शो नहीं, बल्कि दिल्ली के युवाओं को देश-दुनिया के सामने अपनी पहचान बनाने का अवसर देने वाला मंच है। आने वाले समय में इन प्रतिभाशाली युवाओं को सामाजिक अभियानों से जोड़कर ब्रैंड एंबेसडर के रूप में भी आगे बढ़ाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : PM मोदी की इटली दौरे को प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा ऐतिहासिक, सोशल मीडिया…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments