पंजाब के जालंधर स्थित APJ स्कूल को गुरुवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब साढ़े 9 बजे स्कूल प्रशासन को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। एहतियातन स्कूल को खाली करवाकर बच्चों की छुट्टी कर दी गई। यह पिछले दो महीनों में तीसरी बार है, जब स्कूल को बम धमाके की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों से अभिभावकों और छात्रों में डर का माहौल बना हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां
धमकी की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे स्कूल परिसर की जांच शुरू कर दी गई। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा के लिहाज से स्कूल को खाली कराया गया है। गौरतलब है कि इसी हफ्ते जालंधर के BSF चौक पर स्कूटी ब्लास्ट और अमृतसर आर्मी एरिया के बाहर धमाके की घटनाओं के बाद पंजाब पहले से हाई अलर्ट पर है। ऐसे में स्कूल को मिली धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
अचानक छुट्टी से माता-पिता चिंतित
स्कूल से अचानक छुट्टी का मैसेज मिलने के बाद अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई परिजनों ने बताया कि उन्हें स्कूल की तरफ से फोन और मैसेज आया कि सुरक्षा कारणों से बच्चों को तुरंत घर ले जाया जाए। एक अभिभावक ने कहा कि सुबह करीब 9 बजे मैसेज मिला कि बच्चों को 10 बजे तक स्कूल से ले जाएं। लगातार ऐसी घटनाओं से माता-पिता काफी चिंतित हैं।
छात्रों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
स्कूल के एक छात्र ने बताया कि यह तीसरी या चौथी बार है जब स्कूल को बम की धमकी मिली है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि छात्रों में डर का माहौल खत्म हो सके।
वहीं, डॉक्टर निपुन खन्ना ने कहा कि स्कूल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर छुट्टी की सूचना दी।
Read More
शुभेंदु अधिकारी के PA के बाद बशीरहाट में बीजेपी कार्यकर्ता रोहित रॉय को मारी गोली, हालत गंभीर

