उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल(Silkyara tunnel) हादसे के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने वाले 12 रैट माइनर्स को सम्मानित किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें ‘सरवोत्तम जीवन रक्षा पदक’ प्रदान किया। नवंबर 2023 में सिलक्यारा सुरंग में फंसे मजदूरों को निकालने का अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था। करीब 17 दिनों तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में रैट माइनर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और आखिरकार सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली थी।
सम्मान समारोह में नितिन गडकरी ने कहा कि सिलक्यारा रेस्क्यू अभियान देश के सबसे मुश्किल बचाव कार्यों में से एक था। उन्होंने बताया कि इस पूरे अभियान की लगातार निगरानी की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसकी प्रगति पर नजर बनाए हुए थे। उन्होंने कहा कि कई सरकारी एजेंसियों और विशेषज्ञों ने मिलकर इस ऑपरेशन की रणनीति तैयार की। इसमें सड़क परिवहन मंत्रालय, एनएचआईडीसीएल, सीमा सड़क संगठन, भारतीय सेना, उत्तराखंड सरकार और तकनीकी विशेषज्ञों का अहम योगदान रहा।
मलबे के बीच पहुंचकर बचाई मजदूरों की जान
रेस्क्यू ऑपरेशन में सफलता तब मिली जब सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों तक पाइप पहुंचाई गई। इसके जरिए उन्हें भोजन, पानी, दवाइयां और जरूरी सामान लगातार उपलब्ध कराया गया।


