ब्राजील के पारा राज्य के कैमेता शहर में एक स्कूल के अंदर छात्रा द्वारा अपनी शिक्षिका पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 11 सितंबर को डॉ. गर्सन डॉस सैंटोस स्टेट स्कूल में हुई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 17 वर्षीय छात्रा अपनी शिक्षिका पर चाकू से हमला करती दिखाई दे रही है।
छात्रा ने किया हमला
वीडियो में छात्रा अपनी गणित की परीक्षा की कॉपी जांचे जाने के बाद शिक्षिका बेटानिया डी अल्मेडा की डेस्क के पास खड़ी नजर आती है। शुरुआत में वह अपने बालों से खेलती दिखाई देती है। इसके बाद अचानक वह अपने पास से एक चाकू निकालती है और शिक्षिका की ओर हमला कर देती है।अचानक हुए हमले से शिक्षिका बचने की कोशिश करती हैं और छात्रा से चाकू छीनने का प्रयास करती हैं। हाथापाई के दौरान छात्रा ने दोबारा शिक्षिका के चेहरे के पास चाकू चलाने की कोशिश की। इसके बाद शिक्षिका किसी तरह कमरे से बाहर निकलती हैं, जबकि छात्रा उनके पीछे दौड़ती हुई नजर आती है।
मौके पर गिरफ्तार हुई छात्रा
पुलिस के मुताबिक, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा को घटना के बाद मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसने शिक्षिका पर इसलिए हमला किया क्योंकि वह उन्हें पसंद नहीं करती थी। परिवार के एक सदस्य ने ब्राजीलियाई समाचार माध्यम G1 को बताया कि घटना से कुछ समय पहले शिक्षिका ने छात्रा की गणित की परीक्षा की कॉपी जांची थी। इसके बाद ही हमला हुआ।
Feisty teen girl STABS teacher in Brazil over GRADE dispute pic.twitter.com/Dgvogfg9ZZ
— RTVisual (@RT_Visual_on_X) September 20, 2026

