Shri Krishna Janmashtami Mathura-Vrindavan Security: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मथुरा-वृंदावन में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। मंदिरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर निगरानी का इंतजाम किया है। पूरे क्षेत्र को 7 जोन और 35 सेक्टर में बांटा गया है, जबकि अकेले वृंदावन को 4 जोन और 20 सेक्टर में बांटा गया है। जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
ADG ने की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
आगरा जोन के ADG एस.के. भगत ने बताया कि 4 तारीख की मध्यरात्रि से पहले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। प्रशासन ने सभी अधिकारियों के साथ गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। DIG और SSP की ओर से मांगी गई अतिरिक्त फोर्स लखनऊ पुलिस मुख्यालय से पहले ही भेजी जा चुकी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार होल्डिंग एरिया की संख्या भी बढ़ाई गई है।
#WATCH मथुरा, उत्तर प्रदेश। जन्माष्टमी की सुरक्षा व्यवस्था पर आगरा ज़ोन ADG एस.के.भगत ने बताया, "4 तारीख की रात्रि को कृष्ण जन्मोत्सव का पर्व मनाया जाएगा और उसको लेकर प्रशासन की सभी अधिकारियों के साथ एक भ्रमण और उसके बाद समीक्षा बैठक की जाएगी। पूरे क्षेत्र को लगभग 7 ज़ोन और 35… pic.twitter.com/A4NcRTus38
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 1, 2026
3 से 5 सितंबर तक ट्रैफिक डायवर्जन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान 3 से 5 सितंबर तक मथुरा-वृंदावन शहर में विशेष रूट डायवर्जन और नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। मंदिरों में प्रवेश के दौरान स्कैनिंग और मेटल डिटेक्टर से जांच होगी। प्रमुख मंदिरों के आसपास दर्शन के समय ट्रैफिक को पूरी तरह बंद रखने की भी व्यवस्था की गई है।
बांके बिहारी मंदिर के लिए QR कोड पास
वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार विशेष QR कोड पास जारी किया जाएगा। इसे स्कैन करने पर श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाओं के साथ मंदिर में दर्शन के समय से जुड़ी जानकारी भी मिल सकेगी। मथुरा-वृंदावन जाने वाले प्रमुख मार्गों पर 125 से अधिक बैरियर लगाए गए हैं। वाहनों को निर्धारित अस्थायी पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को आगे का सफर पैदल करना होगा।
5 से 6 हजार जवान संभालेंगे मोर्चा
सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस और पीएसी के करीब 5 से 6 हजार जवान तैनात किए गए हैं। भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे, CCTV और वॉच टावर इस्तेमाल किए जाएंगे। आगरा, झांसी, अलीगढ़, मेरठ, लखनऊ और बरेली से अतिरिक्त पुलिस बल मांगा गया था। नोडल अधिकारी के तौर पर एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह और एसपी सुरक्षा राज कुमार अग्रवाल को जिम्मेदारी दी गई है।
श्री बांके बिहारी मंदिर से श्री प्रेम मंदिर तक निगरानी
श्री बांके बिहारी जी मंदिर, श्री प्रेम मंदिर, विश्राम घाट और इस्कॉन मंदिर समेत ब्रज के प्रमुख स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। 4 तारीख की रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान ADG स्तर के अधिकारी खुद गश्त पर रहेंगे और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ मोर्चा संभालेंगे। CCTV के साथ ड्रोन से भी लगातार निगरानी की जाएगी।
8 कंपनी PAC समेत अतिरिक्त बल तैनात
अतिरिक्त सुरक्षा के लिए 8 कंपनी पीएसी, एक कंपनी फ्लड और पीएसी की एक कंपनी आरएएफ के साथ करीब 2 हजार कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। ADG, मंडलायुक्त और DIG जन्मस्थान व आसपास के इलाकों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं। SSP श्लोक कुमार, DM सीपी सिंह और आयुक्त ओजस्वी राज भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने अपने मुखबिरों को भी एक्टिव कर दिया है और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी की गई है।
मथुरा में आधी रात मनाया जाएगा जन्मोत्सव
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मध्यरात्रि में मथुरा की कारागार में श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। इसलिए यहां रात 12 बजे के बाद जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना, पंचामृत स्नान और पवित्र जल से अभिषेक के बाद श्रीकृष्ण का सुंदर श्रृंगार किया जाता है। उन्हें आभूषण और रेशमी वस्त्र पहनाए जाते हैं और कई झांकियां निकाली जाती हैं।
Read More:

