PM Narendra Modi Norway Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे का मंगलवार को दूसरा और सबसे अहम दिन है। पीएम मोदी ओस्लो में आयोजित तीसरे इंडिया-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली नॉर्वे यात्रा है, जिसे भारत और नॉर्डिक देशों के संबंधों के लिए बेहद जरुरी माना जा रहा है।
भारत-नॉर्डिक रिश्तों पर फोकस
इंडिया-नॉर्डिक समिट ऐसे समय हो रहा है जब भारत और नॉर्डिक देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। इससे पहले मई 2022 में कोपेनहेगन में दूसरा इंडिया-नॉर्डिक सम्मेलन आयोजित हुआ था। इस बार दोनों पक्ष पुराने समझौतों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ नए सहयोग के रास्तों पर भी चर्चा करेंगे।
व्यापार और तकनीक पर बढ़ता सहयोग
नॉर्डिक देश तकनीक, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में गिने जाते हैं। भारत इन देशों की तकनीकी विशेषज्ञता और निवेश क्षमता को अपने विकास कार्यक्रमों से जोड़ना चाहता है। दोनों पक्षों के बीच वस्तुओं और सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार करीब 19 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं लगभग 700 नॉर्डिक कंपनियां भारत में हैं, जबकि करीब 150 भारतीय कंपनियां नॉर्डिक देशों में कारोबार कर रही हैं।
वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा
विदेश मंत्रालय के अनुसार सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन, ग्रीन ट्रांजिशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ब्लू इकॉनमी, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सप्लाई चेन और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा यूक्रेन संकट के वैश्विक असर, आर्कटिक क्षेत्र में सहयोग और स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल रहेंगे।
नॉर्डिक नेताओं से अलग-अलग मुलाकातें
प्रधानमंत्री मोदी का आज का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे के बाद उनकी सबसे पहले आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रुन फ्रोसाडोटिर से द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद वे फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेट्टेरी ऑर्पो से मुलाकात करेंगे। फिर डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसन के साथ उनकी वार्ता प्रस्तावित है।
इन बैठकों में रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, हरित ऊर्जा, निवेश, ब्लू इकोनॉमी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही भारतीय छात्रों, पेशेवरों और स्टार्टअप सेक्टर में सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत हो सकती है।
समिट के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
इंडिया-नॉर्डिक समिट के बाद प्रधानमंत्री मोदी और नॉर्डिक देशों के नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान भविष्य की साझेदारी और वैश्विक सहयोग को लेकर साझा बयान जारी किया जा सकता है।
Read More:
CM मान का संगरूर दौरा आज, पंजाब में बिजली क्रांति की करेंगे शुरुआत

