ओडिशा के जयपुर(Odisha paper leak) स्थित विक्रम देव विश्वविद्यालय में प्लस-III सेकंड सेमेस्टर की अनिवार्य अंग्रेजी भाषा की परीक्षा को अचानक स्थगित कर दिया गया। परीक्षा से कुछ घंटे पहले पूरा प्रश्नपत्र WhatsApp पर वायरल होने की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को मिली थी। इसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता को देखते हुए इसे टालने का फैसला किया गया।
यह परीक्षा एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (AEC) के तहत आयोजित होनी थी। इसमें आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के सेकंड सेमेस्टर के छात्र शामिल होने वाले थे।
52 केंद्रों पर होनी थी परीक्षा
विश्वविद्यालय के मुताबिक, अंग्रेजी की परीक्षा 19 सितंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जानी थी। इसके लिए करीब 52 परीक्षा केंद्र तैयार किए गए थे। हालांकि, परीक्षा शुरू होने से लगभग तीन घंटे पहले छात्रों ने अधिकारियों को WhatsApp ग्रुप में प्रश्नपत्र वायरल होने की जानकारी दी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा कंट्रोलर रंजन प्रधान के मुताबिक, उन्हें इस संबंध में सुबह करीब 11 बजे शिकायत मिली। मामले की जानकारी मिलने के बाद वायरल प्रश्नपत्र की जांच की गई और परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
साइबर पुलिस करेगी मामले की जांच
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की शिकायत कोरापुट साइबर पुलिस थाने में दर्ज कराई है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि WhatsApp पर सामने आया प्रश्नपत्र वास्तविक था या किसी ने छात्रों को गुमराह करने के लिए फर्जी पेपर वायरल किया।
प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर भरोसा न करें और परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं को ही मानें।
नई तारीख का इंतजार
स्थगित परीक्षा के लिए नया प्रश्नपत्र तैयार किया जाएगा। परीक्षा की नई तारीख और समय की घोषणा विश्वविद्यालय प्रशासन बाद में करेगा। फिलहाल साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रों को आधिकारिक अपडेट का इंतजार है।