Mexico7.4 Magnitude Earthquake: मैक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास के तट पर शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। इस भूकंप के झटके केवल मैक्सिको तक सीमित नहीं रहे, बल्कि मध्य अमेरिका के कई हिस्सों, खासकर ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर में भी महसूस किए गए। भूकंप के बाद तटीय इलाकों में रहने वाले करीब 10 लाख लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
’10 किलोमीटर की कम गहराई’ पर था केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मैक्सिको के शहर प्यूर्टो माडेरो के पास ज़मीन से सिर्फ़ 10 किलोमीटर की कम गहराई पर था। कम गहराई में आए भूकंप के कारण आसपास के इलाकों में तेज कंपन महसूस हुआ और कई इमारतें हिलने लगीं। इसके कुछ देर बाद 6.0 तीव्रता का एक और झटका भी दर्ज किया गया, जिससे आफ्टरशॉक्स की आशंका बढ़ गई है।
घर से निकलकर भागे लोग
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई इमारतें तेज़ी से हिलती दिखाई दीं। कंपन के दौरान अलमारियों और दीवारों से सामान गिरता नजर आया, जबकि घबराए लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और इमारतों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए।
300 KM तक सुनामी का खतरा
भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने प्रभावित क्षेत्र के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया। चेतावनी में कहा गया कि भूकंप के केंद्र से लगभग 300 किलोमीटर के दायरे वाले तटीय इलाकों में समुद्र के जलस्तर में खतरनाक बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, मैक्सिको और ग्वाटेमाला के तटों पर समुद्र का जलस्तर 0.3 से 1 मीटर तक बढ़ सकता है। प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
पड़ोसी देशों तक महसूस हुए झटके
भूकंप का असर मैक्सिको की सीमाओं से बाहर भी देखने को मिला। ग्वाटेमाला सिटी में कई इमारतें हिलने लगीं, जिसके बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं, अल साल्वाडोर के कई इलाकों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।
फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं
इतनी तीव्रता के भूकंप के बावजूद फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रभावित इलाकों में प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। दक्षिणी मैक्सिको के ओक्साका राज्य के गवर्नर सैलोमन जारा ने सोशल मीडिया पर बताया कि राज्य की राजधानी में झटके महसूस किए गए, लेकिन किसी गंभीर नुकसान की जानकारी नहीं है।
7.4 तीव्रता का भूकंप कितना खतरनाक?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, 7.4 तीव्रता का भूकंप ‘बड़ा’ भूकंप माना जाता है। इस स्तर के भूकंप बड़ी तबाही मचाने की पावर रखते हैं, खासकर तब जब इनका केंद्र जमीन की कम गहराई पर हो और प्रभावित इलाका घनी आबादी वाला हो।
Read More:

