पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सोफिया मार्केट स्थित शाखा के करेंसी चेस्ट में नकली नोटों का भंडार मिला है। बैंक के ऑडिट के दौरान अब तक करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने की बात सामने आई है। मामले में तीन बैंक अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। वहीं, नकदी कम मिलने के मामले में बैंक के पार्ट टाइम हाउस कीपर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शुरुआती जांच में करीब सात करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने की जानकारी सामने आई थी। बाद में जांच में यह रकम बढ़कर करीब 11.5 करोड़ रुपये बताई गई और सोमवार रात बैंक की ओर से दर्ज शिकायत में नकली नोटों की कुल कीमत 17 करोड़ रुपये बताए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, करेंसी चेस्ट का ऑडिट अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में नकली नोटों की कुल रकम आगे और बढ़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
तीन बैंक अधिकारियों पर मुकदमा
नकली करेंसी मिलने के मामले में PNB के मुख्य प्रबंधक और जांच अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार और यमुनानगर-जगाधरी के करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बैंक की ओर से बताया गया कि मामला सामने आने के बाद तीनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। अमित कुमार इससे पहले सहारनपुर के करेंसी चेस्ट में तैनात थे और बाद में हरियाणा के यमुनानगर-जगाधरी स्थानांतरित हो गए थे।
साढ़े 11 करोड़ रुपये की नकदी भेजी गई थी RBI
मामले की जांच तब शुरू हुई जब करेंसी चेस्ट से करीब 11.5 करोड़ रुपये के नोट 5 अगस्त को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), जयपुर भेजे गए। नोटों की गिनती के दौरान करीब 4,30,900 रुपये की नकदी कम पाई गई। इसकी जानकारी PNB के मेरठ जोनल हेड अजय कुमार टिबरेवाल को दी गई। इसके बाद मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे को मामले की जांच के लिए सहारनपुर भेजा गया। जांच में बैंक के पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार की गतिविधियां भी सामने आईं। बैंक के मुताबिक, उसे करेंसी चेस्ट में नोटों की गड्डियां लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी। जांचकर्ताओं ने सीसीटीवी फुटेज में उसे गड्डियों से नोट निकालते हुए देखा। इसके बाद उसके खिलाफ नोट चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया और उसे काम से हटा दिया गया।
ऑडिट पूरा होने तक तस्वीर और साफ होगी
करेंसी चेस्ट में PNB की अलग-अलग शाखाओं से नकदी आती है। फिलहाल इसका विस्तृत ऑडिट जारी है। बैंक अधिकारियों के मुताबिक, ऑडिट पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नकली नोटों की कुल संख्या और रकम कितनी है।
Read More
छात्र सुरक्षा पर दिल्ली सरकार की स्पष्ट चेतावनी, बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, नियम तोड़ने वाले स्कूलों पर गिरेगी गाज