पंजाब में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक ऐसे तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है, जो सीमा पार से आने वाली हेरोइन और हथियारों की सप्लाई में शामिल था। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
5.5 किलो हेरोइन और हथियार बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 5.5 किलो हेरोइन, चार पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और पंजाब में खेप पहुंचाने का काम करते थे।
पाकिस्तान से आ रही थी सप्लाई
जांच एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोहों से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार और ड्रग्स की सप्लाई किन रास्तों से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
SSOC अमृतसर में केस दर्ज
इस मामले में थाना SSOC अमृतसर में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर पुलिस का जोर
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में नशे और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक युवाओं को ड्रग्स से बचाने और राज्य की सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे ऑपरेशन आगे भी तेज किए जाएंगे।
Read More

