Junior National Rowing Championship: योगी आदित्यनाथ गुरुवार को रामगढ़ताल में आयोजित 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ विजेताओं को सम्मानित करेंगे और अपने संबोधन के जरिए युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन भी करेंगे।
फाइनल मुकाबले देखने के बाद देंगे पुरस्कार
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान रोइंग के दो फाइनल मुकाबले भी देखेंगे। इसके बाद विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इससे पहले अक्टूबर 2024 में आयोजित सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में भी मुख्यमंत्री खिलाड़ियों के बीच पहुंचे थे और उनका उत्साहवर्धन किया था।
रामगढ़ताल बन रहा राष्ट्रीय वाटर स्पोर्ट्स सेंटर
गोरखपुर का रामगढ़ताल अब धीरे-धीरे देश के बड़े वाटर स्पोर्ट्स केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया जा रहा है। ताल के सौंदर्यीकरण के साथ यहां करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से विश्व स्तरीय वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार कराया गया है। इसी वजह से यहां लगातार राष्ट्रीय स्तर की रोइंग प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं।
एशियाड 2026 की तैयारी का भी बना केंद्र
रामगढ़ताल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय खिलाड़ियों के प्रशिक्षण का भी प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां एशियाड 2026 की तैयारी में जुटी भारतीय महिला रोइंग टीम का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जा चुका है। इससे गोरखपुर को खेल मानचित्र पर नई पहचान मिली है।
20 राज्यों के 273 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि मौजूदा जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में मेजबान उत्तर प्रदेश सहित 20 राज्यों की टीमों के 273 खिलाड़ी और पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता 17 मई से शुरू हुई थी और इसका समापन 21 मई की शाम को होगा।
लगातार हो रहे बड़े आयोजन
रामगढ़ताल में पिछले कुछ वर्षों में कई बड़े खेल आयोजन हो चुके हैं। मई 2023 में यहां खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की रोइंग प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। इसके बाद अक्टूबर 2024 में सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप हुई। वहीं 12 से 16 मई तक अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग और अब 17 से 21 मई तक जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप आयोजित की गई है।
Read More:

