अमेरिका में एक 9 वर्षीय बच्चे ने अपने यूट्यूब गेमिंग चैनल के वीडियो प्रमोट करने के चक्कर में मात्र तीन हफ्तों के भीतर यूट्यूब विज्ञापनों पर $1,18,000 लगभग 1.13 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। बच्चे को लगा कि जितने पैसे खर्च होंगे, वीडियो पर उतने ही ज्यादा व्यूज आएंगे। इस भारी-भरकम रकम का भुगतान पिता की कंपनी के क्रेडिट कार्ड से हुआ, जो बच्चे के खाते में पहले से सेव था।
कंपनी के क्रेडिट कार्ड से ऐसे कटे करोड़ों रुपये
यह मामला ‘माइटी माइक प्लेज’ नामक गेमिंग चैनल से जुड़ा है, जिस पर बच्चा रोब्लॉक्स और माइनक्राफ्ट गेम के वीडियो अपलोड करता था। बच्चे के पिता डेविड सार्किसियन ने उसे व्यूज बढ़ाने के लिए $20 (लगभग 1,700 रुपये) का एक छोटा विज्ञापन अभियान चलाना सिखाया था। हालांकि, पिता ने पहले रोब्लॉक्स गेम की करेंसी खरीदने के लिए अपनी कंपनी का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल किया था, जो खाते में ऑटो-सेव रह गया। बच्चे ने इसी कार्ड के जरिए बिना सोचे-समझे लगातार तीन हफ्तों तक नए-नए ऐड कैंपेन चला डाले।
फाइनेंस टीम की मीटिंग में खुला बड़ा राज
इस मामले की भनक पिता को क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट से नहीं, बल्कि अपनी कंपनी की फाइनेंस टीम की इमरजेंसी मीटिंग में लगी। जब कंपनी के अधिकारियों ने उनसे पांच अंकों से ज्यादा की इस भारी रकम के बारे में पूछा, तब पिता को अहसास हुआ कि यह सारा पैसा उनके बेटे के यूट्यूब चैनल का प्रचार करने में जा चुका है। हालांकि, इन विज्ञापनों की वजह से बच्चे के कुछ वीडियो पर करीब 2 लाख तक व्यूज भी पहुंच गए थे।
पिता ने मानी गलती, नौकरी पर मंडराया संकट
पिता डेविड सार्किसियन ने माना कि बच्चे के खाते में अपनी कंपनी का क्रेडिट कार्ड सेव छोड़ना उनकी सबसे बड़ी लापरवाही थी। इस घटना के बाद यूट्यूब चैनल को तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया गया है। पिता का कहना है कि वे पेमेंट की जानकारी हटाकर खर्च की सीमा तय करेंगे। फिलहाल, कंपनी इस भारी-भरकम वित्तीय नुकसान पर क्या कदम उठाएगी और उनकी नौकरी का क्या होगा, इसे लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
READ MORE: हेलो बॉयफ्रेंड… कैश आ गया! गर्लफ्रेंड ने की रेकी, बॉयफ्रेंड ने बंदूक तानकर लूटे 41.70 लाख

