HomeBreaking Newsहेलो बॉयफ्रेंड... कैश आ गया! गर्लफ्रेंड ने की रेकी, बॉयफ्रेंड ने बंदूक...

हेलो बॉयफ्रेंड… कैश आ गया! गर्लफ्रेंड ने की रेकी, बॉयफ्रेंड ने बंदूक तानकर लूटे 41.70 लाख

जयपुर के रामनगरिया इलाके में बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर हुई 41.70 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि इस डकैती को अंजाम देने में गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड का कनेक्शन था। मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा की प्रेमिका अंशु एटीएम के बाहर खड़े होकर रेकी कर रही थी। जैसे ही बैंक कर्मचारी कैश लोड करने पहुंचे, युवती की एक फोन कॉल पर बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने मौके पर पहुंचकर वारदात को अंजाम दे दिया।

कर्ज चुकाने के लिए रची गई थी पूरी साजिश

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों पर भारी कर्ज था जिसे चुकाने के लिए उन्होंने इस खौफनाक वारदात का प्लान बनाया। मास्टरमाइंड मस्तराम मीणा बैंक के ही एक कर्मचारी के संपर्क में था, जिससे उसे 14 सितंबर की सुबह बड़ी रकम आने की सटीक जानकारी मिली थी। 14 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे जैसे ही कैश वैन पहुंची, बाहर निगरानी कर रही अंशु ने अलर्ट कर दिया। इसके बाद हथियारबंद बदमाशों ने कर्मियों को बंधक बनाकर मिनटों में 41.70 लाख रुपये लूट लिए।

सूटकेस में छिपाए थे 26.80 लाख

वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस की नाकाबंदी और धरपकड़ से बचने के लिए आरोपियों ने पूरी योजना बनाई थी। डकैती के तुरंत बाद युवती के कपड़े बदलवाए गए और उसे थोड़ी दूर खड़ी एक कार में साथी के पास भेजा गया। इसके बाद लूट की रकम को आपस में बांट लिया गया। आरोपी युवती ने अपने हिस्से के 26.80 लाख रुपये अपने कमरे में रखे एक सूटकेस में छिपा दिए थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज से मिली कामयाबी

वारदात के बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही युवती अंशु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा और उसके दो अन्य साथी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस फरार बदमाशों की धरपकड़ और बाकी बचे 14.90 लाख रुपये की बरामदगी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

 

READ MORE: BRICS सम्मेलन से बौखलाए ट्रंप? अमेरिकी संसद में पास हुआ नया कड़ा कानून, निशाने पर भारत और चीन!

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments