ईरान ने दावा किया है कि रणनीतिक रूप से बेहद अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को जल्द दोबारा खोल दिया जाएगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि यह कदम ईरान और अमेरिका के बीच हुए समझौते (MoU) का हिस्सा है और अगले 30 दिनों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को युद्ध से पहले की तरह बहाल कर दिया जाएगा।
ईरान करेगा होर्मुज का पूरा प्रबंधन
बगदाद में इराक के विदेश मंत्री फुआद हुसैन के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अराघची ने कहा कि ईरान जलडमरूमध्य से सभी बाधाएं हटाएगा और इसका प्रबंधन पूरी तरह ईरान के नियंत्रण में होगा। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की है। ईरान और अमेरिका के बीच हुए समझौते के तहत किसी अन्य देश या संस्था की इसमें कोई भूमिका नहीं होगी।
बाहरी दखल पर दी चेतावनी
ईरानी विदेश मंत्री ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के संचालन में किसी भी बाहरी हस्तक्षेप के खिलाफ सख्त चेतावनी दी। उनका कहना था कि किसी भी तरह की दखलंदाजी से जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने में देरी होगी और क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। अराघची ने कहा कि हाल के दिनों में होर्मुज क्षेत्र की घटनाओं ने पहले ही तनाव बढ़ाया है और सभी पक्षों को हस्ताक्षरित समझौते का सम्मान करना चाहिए।
लेबनान में इजरायली हमलों पर भी उठाया सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने लेबनान में जारी इजरायली सैन्य कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि समझौते के अनुसार लेबनान समेत सभी मोर्चों पर संघर्ष समाप्त होना चाहिए, लेकिन इजरायल हमले जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की जिम्मेदारी है कि वह समझौते के तहत इजरायल को सैन्य कार्रवाई रोकने और कब्जे वाले इलाकों से पीछे हटने के लिए सुनिश्चित करे।
खाड़ी क्षेत्र के लिए नए सुरक्षा ढांचे की वकालत
अराघची ने खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नई पहल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय देशों को मिलकर ऐसा नया सुरक्षा ढांचा तैयार करना चाहिए जिसमें सभी खाड़ी देश शामिल हों और किसी भी बाहरी शक्ति की भूमिका न हो।
Read More
दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय अपने भीतर झांके… पाकिस्तान के कराची वाले झूठ पर भारत का करारा जवाब

