हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले में नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। अब हरियाणा की करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश उर्फ पम्पू ने अदालत का रुख किया है। शामली पुलिस उसे पूछताछ के लिए अपनी कस्टडी में लेना चाहती है। इसकी जानकारी मिलने के बाद पम्पू ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कोर्ट से विशेष सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
पुलिस ने पम्पू को बताया साजिश में शामिल
शामली पुलिस की जांच में राकेश उर्फ पम्पू को अंकित बालियान हत्याकांड में साजिशकर्ता बताया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश और उसमें पम्पू की भूमिका से जुड़े सवालों के जवाब जानने के लिए उसकी पूछताछ जरूरी है। इसी उद्देश्य से शामली पुलिस ने कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन किया है। पुलिस की अर्जी मंजूर होने के बाद राकेश को करनाल जेल से शामली लाया जाएगा। इसके बाद उससे हत्या और उससे जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जाएगी।
कोर्ट से बोला- बाहर ले जाएं तो सुरक्षा पक्की हो
पम्पू ने अपनी अर्जी में दावा किया है कि उसे पहले भी हमलों का सामना करना पड़ा है। अब अंकित बालियान हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद उसने अपनी जान को लेकर आशंका जताई है। इसी वजह से उसने अदालत से मांग की है कि जेल से बाहर ले जाते समय सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं। गैंगस्टर ने कहा है कि पुलिस जब उसे अपने साथ ले जाए तो उसके हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां लगाई जाएं। इसके अलावा जिस वाहन से उसे ले जाया जाएगा, उसकी लगातार वीडियोग्राफी कराने की मांग भी उसने कोर्ट के सामने रखी है। उसका कहना है कि इन उपायों से रास्ते में किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सकेगा।
रोहित मोई से भी पूछताछ की तैयारी
अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस की कार्रवाई सिर्फ पम्पू तक सीमित नहीं है। पुलिस तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई को भी अपनी कस्टडी में लेने की तैयारी कर रही है। रोहित मोई पर गोगी गैंग को ऑपरेट करने का आरोप रहा है। पुलिस दोनों गैंगस्टरों से हत्या की साजिश, उनके आपसी संपर्क और वारदात से जुड़े कनेक्शन के बारे में जानकारी हासिल करना चाहती है। फिलहाल शामली कोर्ट में राकेश उर्फ पम्पू के प्रोडक्शन वारंट की प्रक्रिया चल रही है। अनुमति मिलते ही उसे करनाल जेल से शामली लाकर पूछताछ किए जाने की संभावना है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से हत्याकांड की साजिश से जुड़े कुछ नए तथ्य सामने आ सकते हैं।
Read More
जापान ने भी माना ‘भारत का लोहा’, JCR ने बढ़ाई रेटिंग, 7% की तेज ग्रोथ पर जताया भरोसा

