Delhi Mukundpur Flyover Bike Accident: दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। भलस्वा डेयरी इलाके के मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
उछलकर नाले में जा गिरा युवक
पुलिस के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक फ्लाईओवर से उछलकर नीचे बने नाले में जा गिरा। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अभी तक नहीं हो पाई पहचान
अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
तेज रफ्तार बाइक बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
शालीमार बाग में भी हादसा
इसी बीच, शालीमार बाग इलाके में भी तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक टेम्पो ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें 15 वर्षीय किशोर विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल किशोर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उसे गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस हादसे की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने टेम्पो को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए क्राइम टीम को भी बुलाया गया था।
Read More:

