उत्तर प्रदेश के मेरठ में बीए की छात्रा ललिता गौतम की हत्या के मामले में जारी राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गाजियाबाद में पीड़ित परिवार से मुलाकात किए। करीब 25 मिनट तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने परिवार का हाल जाना, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया और आर्थिक सहायता समेत कई राहत उपायों की घोषणा की।
पीड़ित परिवार को आवास देने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा मृतका के पिता और चाचा को एक-एक मुख्यमंत्री आवास उपलब्ध कराने और परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान मेरठ के प्रभारी मंत्री असीम अरुण और MLC धर्मेंद्र भारद्वाज भी मौजूद रहे।
15 मई को लापता हुई थी ललिता
जानकारी के मुताबिक 20 वर्षीय ललिता गौतम मेरठ के टीपी नगर क्षेत्र स्थित गगन एंक्लेव की रहने वाली थीं और बीए की छात्रा थीं। 15 मई को वह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने थाना टीपी नगर में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली, जिसमें ललिता गांव कल्याणपुर निवासी अंकुश नामक युवक के साथ दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। मुख्य आरोपी अंकुश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
CM ने पुलिस कार्रवाई की भी ली जानकारी
गाजियाबाद में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने मेरठ मंडल के कमिश्नर और DIG कलानिधि नैथानी से अब तक की जांच और पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार से भी पूछा कि वे पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं या नहीं।
Read More
जम्मू-कश्मीर में मॉनसून का अटैक! लगातार बारिश से उफान पर चिनाब नदी, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

