छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस(Chhattisgarh Police) ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 447 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में पंजाब के अमृतसर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम मध्य प्रदेश की सीमा के पास चिलफी थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोक लिया।
वाहन चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उससे पूछताछ की गई और ट्रक की बारीकी से तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान पुलिस को चालक की सीट के ठीक ऊपर एक विशेष रूप से तैयार किया गया गुप्त खाना मिला। इसी छिपे हुए हिस्से में खाकी रंग के टेप से लिपटे कई पैकेट रखे हुए थे। जांच करने पर इन पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने कुल 447 किलो गांजा जब्त किया।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी बलजीत सिंह के रूप में की है। उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
कबीरधाम की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम को इनाम
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने टीम का उत्साह बढ़ाते हुए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
पुलिस इससे पहले भी नशे की तस्करी के मामलों में कार्रवाई कर चुकी है। हाल में साधु का वेश बनाकर तस्करी करने वाले आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ा था।