बांग्लादेश में बकरीद यानी ईद-उल-अजहा की तैयारियां जोरों पर हैं। देशभर के पशु बाजारों में खरीद-फरोख्त तेज हो गई है। इसी बीच राजधानी ढाका के पास दो खास भैंसे लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने इन भैंसों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नाम से जोड़ दिया है। इन जानवरों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और उनके साथ तस्वीरें व सेल्फी भी ले रहे हैं।
‘ट्रंप’ नाम के भैंसे की खूब चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम से चर्चित भैंसे का वजन करीब 700 किलोग्राम है। इसका भूरा रंग और सिर पर सुनहरे बाल लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग दावा कर रहे हैं कि इसके बाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हेयरस्टाइल जैसे दिखाई देते हैं। इसी वजह से इसे ‘ट्रंप’ नाम दिया गया। भैंसे के मालिक जियायाउद्दीन ने बताया कि सबसे पहले उनके छोटे भाई ने इसकी शक्ल ट्रंप से मिलती-जुलती बताई थी। इसके बाद मजाक में इसका नाम ट्रंप रख दिया गया, जो बाद में काफी लोकप्रिय हो गया।
शांत स्वभाव का बताया जा रहा ‘ट्रंप’
स्थानीय लोगों का कहना है कि भले ही भैंसे का नाम ट्रंप रखा गया हो, लेकिन उसका स्वभाव बेहद शांत है। लोग उसके पास जाकर आसानी से तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। पशु बाजार में पहुंचने के बाद यह भैंसा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और अब इसे देखने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
‘नेतन्याहू’ नाम के भैंसे की चर्च
बांग्लादेश के रायणगंज इलाके में एक और भैंसा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसे लोग इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नाम से बुला रहे हैं। करीब 750 किलोग्राम वजन वाला यह भैंसा अपने आक्रामक व्यवहार के कारण चर्चा में है। बताया जा रहा है कि यह किसी को अपने पास आने नहीं देता और करीब आने वालों पर हमला करने की कोशिश करता है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
बकरीद नजदीक आने के साथ ही दोनों भैंसों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कुछ लोग इसे मजेदार संयोग मान रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इस तुलना को लेकर बहस कर रहे हैं।
Read More
पंजाब निकाय चुनाव से पहले अमृतसर में BJP नेता तरुण चुघ ने की ‘चाय पर चर्चा’, रोजगार और अर्थव्यवस्था पर क्या बोले पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री?