पंजाब पुलिस को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर जिला पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित ड्रग्स, हथियार और हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक अफगान नागरिक, तीन वयस्क और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि यह नेटवर्क पंजाब से लेकर हरियाणा और दिल्ली तक सक्रिय था।
हेरोइन, हथियार और नकदी बरामद
पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 35 ग्राम हेरोइन, 5 अत्याधुनिक पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क पंजाब के माजा और दोआबा क्षेत्रों के अलावा हरियाणा और दिल्ली तक फैला हुआ था।
विदेशी हैंडलरों से जुड़े थे आरोपी
जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशों में बैठे हैंडलरों के सीधे संपर्क में थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए नशे और हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। गिरफ्तार अफगान नागरिक बाज मोहम्मद पहले भी NDPS एक्ट के मामलों में नामजद रह चुका है और लंबे समय से दिल्ली में रहकर इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
हवाला के जरिए होता था पैसों का लेन-देन
पुलिस के मुताबिक आरोपी हवाला चैनलों के माध्यम से अवैध धन का लेन-देन करते थे। नेटवर्क से जुड़े अंकुश, देशराज और अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। दिल्ली समेत कई स्थानों पर छापेमारी भी जारी है।
Read More
ऑटो-रिक्शा ड्राइवर का महिला यात्री से अश्लीलता का वीडियो वायरल, मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच

