AI New Hustle: आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस यानी AI ने जहां तकनीक को आसान बनाया है, वहीं कमाई के नए रास्ते भी खोल दिए हैं। अब चीन में युवा अपने चेहरे को किराये पर देकर लाखों रुपये तक कमा रहे हैं। यह बाजार इतना तेजी से बढ़ रहा है कि आम लोगों के चेहरे भी अब डिजिटल प्रॉपर्टी की तरह इस्तेमाल किए जा रहे हैं। पहले कंपनियां विज्ञापनों या दूसरे कंटेंट के लिए मुख्य रूप से सेलिब्रिटीज के चेहरों का इस्तेमाल करती थीं, लेकिन AI ने यह संभावना आम लोगों तक भी पहुंचा दी है।
चीन में तेजी से बढ़ रहा डिजिटल चेहरों का बाजार
चीन में कई डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों को उनकी पसंद और शर्तों के मुताबिक AI कंटेंट में उनके चेहरे के इस्तेमाल के बदले पैसे ऑफर कर रहे हैं। इन चेहरों का इस्तेमाल शॉर्ट ड्रामा, विज्ञापन, गेम्स और दूसरे डिजिटल कंटेंट में किया जा रहा है। इसके बदले युवाओं को अलग-अलग रकम का भुगतान किया जाता है। यानी व्यक्ति को खुद कंटेंट बनाने की जरूरत नहीं होती, बल्कि उसका चेहरा ही डिजिटल कंटेंट का हिस्सा बनकर कमाई का जरिया बन जाता है।
14 लाख रुपये तक मिल रहा ऑफर
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, चीन में इस तरह का बाजार तेजी से विकसित हो रहा है। खास बात यह है कि AI कंटेंट में अपने चेहरे के इस्तेमाल को लेकर लोगों के पास काफी हद तक नियंत्रण रहता है। कुछ मामलों में युवाओं को अपने चेहरे के इस्तेमाल के लिए 99,999 युआन यानी करीब 14 लाख रुपये तक ऑफर किए गए हैं। यूजर खुद अपनी कीमत तय कर सकता है और यह भी निर्धारित कर सकता है कि उसके चेहरे का इस्तेमाल कितने समय तक किया जाएगा।
चेहरे के इस्तेमाल की शर्तें भी खुद तय कर सकते हैं
इन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोग अपना प्रोफाइल बनाकर अपने चेहरे के इस्तेमाल से जुड़ी पसंद और शर्तें दर्ज कर सकते हैं। इसमें यह तय करने का विकल्प भी मिलता है कि चेहरे का इस्तेमाल किस तरह के कंटेंट में किया जा सकता है और लाइसेंस कितने समय के लिए दिया जाएगा। इस तरह आम युवा अपने चेहरे को एक डिजिटल एसेट की तरह इस्तेमाल करके कमाई कर सकते हैं।
बैंक कर्मचारी को तीन दिन के लिए मिले 35 हजार
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चीन में एक बैंक कर्मचारी को अपने चेहरे के इस्तेमाल के लिए 2,500 युआन यानी करीब 35 हजार रुपये का भुगतान किया गया। यह रकम सिर्फ तीन दिनों के लिए उनके चेहरे के इस्तेमाल के बदले दी गई थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म ने उनके पोर्ट्रेट का सात बार इस्तेमाल किया। इस उदाहरण से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बिना खुद कंटेंट बनाने में शामिल हुए भी लोग अपने चेहरे के डिजिटल इस्तेमाल से कमाई कर सकते हैं।
शियानजेन में भी मौजूद है ऐसा प्लेटफॉर्म
चीन के शहर शियानजेन में Yuanxiang Xinsheng नाम का एक प्लेटफॉर्म युवाओं को घर बैठे अपने चेहरे से कमाई करने का मौका दे रहा है। यहां लोग खुद को डिजिटल एक्टर के तौर पर रजिस्टर कर सकते हैं। इसके बाद वे अपने चेहरे के इस्तेमाल से जुड़ी अवधि और कंटेंट की शर्तें तय कर सकते हैं। यानी डिजिटल कंटेंट में चेहरा इस्तेमाल करने का फैसला पूरी तरह एक तय लाइसेंस और शर्तों के आधार पर किया जाता है।
एक बार चेहरे के इस्तेमाल पर भी मिलते हैं पैसे
इन प्लेटफॉर्म पर चेहरे के इस्तेमाल की शुरुआती फीस 50 युआन यानी करीब 700 रुपये से शुरू होकर 14 लाख रुपये तक बताई गई है। 34 साल के एक व्यक्ति ने अपने चेहरे को किराये पर देकर सिर्फ एक बार इस्तेमाल किए जाने के बदले 99 युआन यानी करीब 1,400 रुपये कमाए। रकम व्यक्ति, इस्तेमाल की अवधि और चेहरे के उपयोग की शर्तों के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
कमाई के साथ प्राइवेसी का खतरा भी
हालांकि, चेहरे को डिजिटल कंटेंट के लिए किराये पर देने के इस नए बाजार ने कमाई का अवसर तो पैदा किया है, लेकिन इसके साथ प्राइवेसी और कंट्रोल से जुड़े सवाल भी खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि किसी व्यक्ति के चेहरे का इस्तेमाल होने के बाद उसके डिजिटल कंटेंट पर उसका नियंत्रण कितना रहेगा। जैसे-जैसे AI का इस्तेमाल बढ़ रहा है, वैसे-वैसे चेहरों के इस्तेमाल के लिए लाइसेंस देने का चलन भी बढ़ रहा है। पहले यह बाजार मुख्य रूप से टीवी और फिल्मी सितारों तक सीमित था, लेकिन अब आम युवाओं के लिए भी कमाई का रास्ता खुल गया है।
Read More:

