Guru Nanak Jayanti 2026: सिख धर्म में श्री गुरु नानक जयंती (Guru Nanak Jayanti 2026) का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह पर्व सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन पड़ने वाली श्री गुरु नानक जयंती पर देशभर के गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस साल यह पावन पर्व 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जा रहा है।
इस खास अवसर पर गुरुद्वारों में अखंड पाठ, कीर्तन और लंगर सेवा का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालु गुरुद्वारों में मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लेते हैं और सेवा कार्यों में हिस्सा लेते हैं। सिख धर्म में लंगर को केवल भोजन कराने की परंपरा नहीं, बल्कि समानता, निस्वार्थ सेवा और मानवता का प्रतीक माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि लंगर की शुरुआत कैसे हुई थी और इसके पीछे श्री गुरु नानक देव जी का कौन-सा संदेश छिपा है?
श्री गुरु नानक देव जी ने कैसे शुरू की लंगर की परंपरा?
सिख धर्म में प्रचलित कथा के अनुसार, लंगर की परंपरा की शुरुआत श्री गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़ी एक घटना से मानी जाती है। बताया जाता है कि श्री गुरु नानक देव जी के पिता का नाम मेहता कालू जी था। एक बार उन्होंने अपने बेटे को व्यापार करने के लिए कुछ पैसे दिए और बाजार जाकर कोई लाभदायक सौदा करने के लिए कहा।
पिता की आज्ञा मानकर श्री गुरु नानक देव जी बाजार की ओर निकल पड़े। रास्ते में उन्हें कुछ भूखे साधु-संत और जरूरतमंद लोग दिखाई दिए। उनकी दयनीय स्थिति देखकर श्री गुरु नानक देव जी का मन द्रवित हो गया। उन्होंने व्यापार में पैसा लगाने के बजाय मिले हुए सभी रुपयों से उन भूखे लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कर दी।
जब श्री गुरु नानक देव जी घर लौटे, तो उनके पिता को इस बात का पता चला। पैसे व्यापार में लगाने के बजाय जरूरतमंदों को भोजन कराने की बात सुनकर वे नाराज हो गए। इस पर श्री गुरु नानक देव जी ने बेहद विनम्रता से समझाया कि भूखे लोगों को भोजन कराना और जरूरतमंदों की मदद करना ही सबसे बड़ा लाभ है। उन्होंने इसे ‘सच्चा सौदा’ बताया।
इस घटना से जुड़ा संदेश आगे चलकर सिख धर्म की सेवा परंपरा का महत्वपूर्ण आधार बना। श्री गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता और निस्वार्थ सेवा को जीवन का मूल मंत्र बताया।
सभी नौ गुरुओं ने आगे बढ़ाई लंगर की परंपरा
धार्मिक मान्यताओं और सिख परंपरा के अनुसार, श्री गुरु नानक देव जी के बाद उनके उत्तराधिकारी गुरुओं ने भी लंगर और सामुदायिक सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया। समय के साथ यह सिख धर्म की एक महत्वपूर्ण पहचान बन गई।
लंगर में भोजन तैयार करने से लेकर उसे परोसने और बर्तन साफ करने तक श्रद्धालु अपनी इच्छा से सेवा करते हैं। इस सेवा को सिख धर्म में बेहद सम्मानजनक माना जाता है। श्री गुरु नानक जयंती के अवसर पर देशभर के गुरुद्वारों में विशेष लंगर आयोजित किए जाते हैं।
सिख धर्म में लंगर का क्या है महत्व?
लंगर का सबसे बड़ा उद्देश्य समाज में फैले जाति, धर्म, अमीरी और गरीबी के भेदभाव को खत्म करना है। यहां हर व्यक्ति को समान सम्मान दिया जाता है। चाहे कोई अमीर हो या गरीब, किसी भी जाति या धर्म से संबंध रखता हो, सभी को एक साथ बैठकर भोजन करने का अवसर मिलता है।
लंगर में जमीन पर एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था को ‘पंगत’ कहा जाता है। यह व्यवस्था संदेश देती है कि ईश्वर की नजर में सभी मनुष्य बराबर हैं और किसी को भी ऊंचा या नीचा नहीं समझना चाहिए।
स्वर्ण मंदिर में होता है विशाल लंगर आयोजन
पंजाब के अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में लंगर सेवा का विशेष महत्व है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को भोजन कराया जाता है। स्वर्ण मंदिर का लंगर दुनिया के सबसे बड़े सामुदायिक भोजन आयोजनों में गिना जाता है।
श्री गुरु नानक जयंती पर भी देश के अलग-अलग हिस्सों में गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों पर लंगर सेवा आयोजित की जाती है। इस दिन श्रद्धालु भोजन वितरण के साथ दूसरे सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
इस तरह श्री गुरु नानक देव जी की शुरू की गई सेवा और समानता की सीख आज भी समाज को मानवता का संदेश दे रही है। लंगर की परंपरा हमें सिखाती है कि किसी भूखे को भोजन कराना और बिना किसी भेदभाव के इंसान की सेवा करना ही सच्ची मानवता है।
Read More:

