Instagram New Feature: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स पेश कर रहा है। इसी कड़ी में कंपनी ने स्टोरी पोस्ट करने वाले यूजर्स को बड़ी राहत दी है। अब Instagram पर स्टोरी शेयर करने के बाद भी उसे 15 मिनट तक एडिट किया जा सकेगा। यानी अगर स्टोरी पोस्ट करते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसे सुधारने के लिए पूरी स्टोरी डिलीट करने और दोबारा अपलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खास बात यह है कि एडिट करने के बाद भी स्टोरी पर पहले से मिल चुके व्यूज, लाइक्स और रिप्लाई सुरक्षित रहेंगे।
कैसे काम करेगा Instagram का नया Story Edit फीचर?
Instagram के इस नए फीचर की मदद से यूजर्स स्टोरी पोस्ट करने के बाद अगले 15 मिनट तक उसमें जरूरी बदलाव कर सकेंगे। इसके लिए यूजर्स को अपनी पोस्ट की गई स्टोरी खोलनी होगी। इसके बाद नीचे दाईं ओर दिखाई देने वाले तीन डॉट्स पर टैप करना होगा। यहां उन्हें ‘Edit Story’ का विकल्प मिलेगा। इस पर क्लिक करके स्टोरी में बदलाव किए जा सकेंगे।
स्टोरी में इन चीजों को कर सकेंगे एडिट
नए फीचर के जरिए यूजर्स को स्टोरी में कई तरह के बदलाव करने की सुविधा मिलेगी। इसमें शामिल हैं।
-
टेक्स्ट में सुधार- स्टोरी में लिखे गए टेक्स्ट की टाइपिंग मिस्टेक ठीक कर सकेंगे।
-
स्टिकर्स में बदलाव- लगाए गए स्टिकर्स को बदलने या रीसेट करने का विकल्प मिलेगा।
-
म्यूजिक बदलना- स्टोरी में जोड़ा गया गाना बदल सकेंगे।
-
डूडल एडिट करना- स्टोरी पर बनाए गए ड्रॉइंग और डूडल में भी बदलाव कर सकेंगे।
हालांकि, इस सुविधा का इस्तेमाल स्टोरी पोस्ट करने के बाद केवल 15 मिनट तक ही किया जा सकेगा। तय समय सीमा खत्म होने के बाद यूजर्स स्टोरी को एडिट नहीं कर पाएंगे।
एडिट की गई स्टोरी पर दिखेगा Edited का लेबल
Instagram ने स्टोरी में बदलाव की सुविधा देने के साथ पारदर्शिता का भी ध्यान रखा है। अगर कोई यूजर पोस्ट करने के बाद अपनी स्टोरी एडिट करता है, तो उसे देखने वाले लोगों को ‘Edited’ का लेबल दिखाई देगा। इससे दर्शकों को पता चल सकेगा कि स्टोरी प्रकाशित होने के बाद उसमें बदलाव किया गया है।
हालांकि, इस बदलाव का स्टोरी के पुराने एंगेजमेंट पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यानी पहले से मिल चुके व्यूज, लाइक्स और रिप्लाई बरकरार रहेंगे। यह सुविधा खासतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स, ब्रांड्स और नियमित रूप से स्टोरी शेयर करने वाले यूजर्स के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
Instagram Story बनाने के तरीके में भी हुए बदलाव
स्टोरी एडिट करने के नए विकल्प के अलावा Instagram ने स्टोरी बनाने के इंटरफेस में भी कुछ बदलाव किए हैं। अब यूजर्स को ब्लर और ग्रेडिएंट बैकग्राउंड इस्तेमाल करने की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही स्टिकर्स के लिए नए फॉन्ट और कलर ऑप्शन भी जोड़े गए हैं।
इसके अलावा, अब एक ही स्टोरी में कई तस्वीरों को चुनकर शेयर करना भी पहले के मुकाबले आसान बनाया गया है। इससे यूजर्स को अपनी स्टोरी को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी।
प्रोफाइल ग्रिड से जुड़ा फीचर भी ला चुका है Instagram
इससे पहले Instagram ने एक ऐसा फीचर भी पेश किया था, जिसकी मदद से यूजर्स अपनी टैग की गई तस्वीरों और पोस्ट को सीधे प्रोफाइल की मेन ग्रिड में शामिल कर सकते हैं। कंपनी के लगातार आ रहे इन बदलावों का मकसद यूजर्स को ज्यादा सुविधाजनक अनुभव देना और प्लेटफॉर्म पर कंटेंट शेयर करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
Read More:

