चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अमेरिका पहुँचते ही वाशिंगटन में कूटनीतिक नज़ारा देखने को मिला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सालों पुराने प्रोटोकॉल और नियमों को ताक पर रखकर ‘जॉइंट बेस एंड्रयूज’ एयरपोर्ट पर खुद पहुँचकर शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से लौटते ही ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर शी जिनपिंग की ऊर्जा और फिटनेस की खुलकर तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने चीन की फर्स्ट लेडी पेंग लियुआन की सुंदरता का बखान करते हुए उनके लिए कैपिटल अक्षरों में ‘BEAUTIFUL’ लिखा।
30 मीटर लंबा रेड कार्पेट
आमतौर पर विदेशी मेहमानों की अगवानी व्हाइट हाउस में की जाती है और एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति या वरिष्ठ अधिकारी जाते हैं। लेकिन इस बार ट्रम्प अपनी पत्नी मेलानिया के साथ सीधे प्लेन की सीढ़ियों तक पहुँचे। मेहमानों के इस्तकबाल में 30 मीटर लंबा चमचमाता रेड कार्पेट बिछाया गया, जिसे अमेरिकी जवानों ने खुद साफ किया। शी जिनपिंग को 21 जवानों का गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और आसमान में अमेरिकी फाइटर जेट्स ने फ्लाईपास्ट कर उन्हें सलामी दी।
ट्रेड वॉर की कड़वाहट के बीच ट्रम्प के बदले सुर
साल 2025 में अमेरिका और चीन के बीच भीषण ट्रेड वॉर छिड़ा हुआ था और दोनों देशों ने एक-दूसरे के उत्पादों पर भारी टैरिफ ठोक दिए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध और ठप पड़ी तेल आपूर्ति के कारण ट्रम्प प्रशासन अब चीन से विवाद बढ़ाने के बजाय आर्थिक व कूटनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश में है। पूर्व लोक गायिका और चीन में लोकप्रिय हस्ती पेंग लियुआन के प्रति ट्रम्प का यह विशेष सम्मान इसी कूटनीतिक नरमी का हिस्सा माना जा रहा है।
ओवल ऑफिस की बातचीत पर टिकीं दुनिया की नजरें
शी जिनपिंग के इस तीन दिवसीय दौरे के दौरान दोनों नेताओं के बीच व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। बंद कमरे में होने वाली इस बैठक में व्यापारिक तनाव कम करने, तकनीक हस्तांतरण और वैश्विक संकटों पर अहम समझौते होने की उम्मीद है। इस ऐतिहासिक मुलाकात के बाद शी जिनपिंग के सम्मान में व्हाइट हाउस में एक भव्य ‘स्टेट बैंकवेट’ का आयोजन किया जाएगा।
READ MORE: बहनों की गिरफ्तारी के बाद अब ‘स्पाइडर गन’! इमरान खान के खौफ में किस हद तक गिरेगी पाकिस्तानी सत्ता?

