IMD Weather Update: देश के कई राज्यों में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3-4 दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। 22 जुलाई को मध्य भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है। वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले सात दिनों तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है।
मानसून सिस्टम और मछुआरों के लिए चेतावनी
IMD के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के पास बनी हुई है। निचले ट्र्रोपोस्फेरिक स्तर पर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसी कारण कई राज्यों में व्यापक बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने 22 से 25 जुलाई तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सलाह दी है।
इन 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, हरियाणा, केरल और ओडिशा समेत 18 राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान भारी से मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और जलभराव व बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 22 जुलाई को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 23 जुलाई से मौसम में कुछ राहत मिल सकती है, जबकि 24 और 25 जुलाई को कोई विशेष अलर्ट नहीं है। 26 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार का हाल
उत्तर प्रदेश में मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। 22 जुलाई को पूरे प्रदेश में भारी बारिश, 23-24 जुलाई को पूर्वी यूपी और 25-27 जुलाई तक पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। बिहार में पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पटना, गया, रोहतास, नवादा, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, बक्सर, सारण, सिवान, वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय सहित 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में खतरा
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत में 22 से 27 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर और सिरमौर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 22 से 27 जुलाई तक भारी बारिश और अचानक बाढ़ की आशंका जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, गांदरबल, कुपवाड़ा, पुंछ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, उधमपुर, कठुआ, सांबा और जम्मू में 22 से 24 जुलाई तक भारी बारिश, जबकि 25 से 27 जुलाई तक हल्की बारिश और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, ओडिशा और झारखंड
राजस्थान में दो हफ्ते बाद मानसून फिर एक्टिव हुआ है। 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में नीमच, मंदसौर, उज्जैन, महाकालेश्वर, आगर मालवा, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, देवास, भोपाल, बैरागढ़, नबीबाग, रायसेन, भीमबेटका, सांची, नर्मदापुरम, पंचमढ़ी, होशंगाबाद और नरसिंहपुर में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है।
पंजाब में अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, रूपनगर और मोहाली में 22 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि 23 और 27 जुलाई को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है। ओडिशा में 22 से 27 जुलाई तक अधिकांश हिस्सों में बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
झारखंड में रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू और गढ़वा में 22 जुलाई को बारिश तथा 24-25 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आज प्रमुख शहरों का तापमान
22 जुलाई को दिल्ली में अधिकतम 32°C और न्यूनतम 28°C, मुंबई 27°C/27°C, चेन्नई 35°C/28°C, कोलकाता 28°C/27°C, लखनऊ 33°C/28°C, पटना 32°C/27°C, रांची 25°C/23°C, भोपाल 27°C/24°C, जयपुर 29°C/26°C, शिमला 23°C/20°C और नैनीताल में 25°C/21°C तापमान रहने का अनुमान है।
Read More:

