CM Yogi 3 Districts Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शनिवार 18 जुलाई को बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह तीनों जिलों में 1 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही कई सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री और प्रमाणपत्र वितरित करेंगे और जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
बुलंदशहर को देंगे सौगात
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले बुलंदशहर पहुंचेंगे, जहां रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर, खंडवाया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह नुमाइश मैदान पहुंचकर 574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इस दौरान कई योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी, थर्मल प्रिंटर और प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। यहां मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
अमरोहा में 43 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
बुलंदशहर के बाद मुख्यमंत्री अमरोहा पहुंचेंगे। गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वह 207 करोड़ रुपये से अधिक की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। यहां कई योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी, लैपटॉप और प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
संभल में 569 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन
अमरोहा दौरे के बाद मुख्यमंत्री संभल पहुंचेंगे, जहां इंट्रीग्रेटेड मुख्यालय के पास आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह 569 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कई योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
संभल से बरेली होते हुए लखनऊ लौटेंगे
संभल में कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली होते हुए लखनऊ के लिए रवाना होंगे। उनका यह दौरा प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और कई सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
Read More:

