दिल्ली पुलिस(Delhi Police) की स्पेशल सेल ने आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली और पंजाब से छह संदिग्ध आंतकियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी एक संगठित नेटवर्क से जुड़े थे जो पाकिस्तान के गैंगस्टर और ISI खुफिया एजेंसी से जुड़े शहजाद भट्टी के इशारों पर काम कर रहा था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क में दो अलग-अलग लेकिन आपस में जुड़े मॉड्यूल सक्रिय थे। एक मॉड्यूल कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों की प्लानिंग को आगे बढ़ाने से जुटा हुआ था जबकि दूसरा मॉड्यूल देश में अवैध हथियारों की सप्लाई और तस्करी का काम संभाल रहा था।
पुलिस ने हथियार और पेट्रोल बम किए बरामद
पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से पिस्टल समेत कई हथियार बरामद किए हैं। इसके साथ ही कुछ संदिग्ध सामग्री जैसे पेट्रोल बम भी बरामद किए गए हैं। इससे यह संकेत मिला है कि यह गिरोह सिर्फ हथियारों तक ही सीमित नहीं था बल्कि गंभीर आपराधिक और हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने की भी तैयारी कर रहा था।
नेटवर्क की गहराई से जांच जारी
पुलिस की स्पेशल सेल अब गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क की परतें खोली जा सकें। जांच का फोकस इस बात पर है कि इस मॉड्यूल को फंडिंग कहां से मिल रही थी हथियारों की सप्लाई चेन कैसे काम कर रही थी और इसके पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
टारगेट का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क के संभावित टारगेट कौन थे और उनकी योजनाएं कितनी दूर तक तैयार हो चुकी थीं। फिलहाल, एजेंसियां इस पूरे मामले को एक संगठित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक-आतंकी गठजोड़ के रूप में देख रही हैं और जांच को तेजी से आगे बढ़ा रही हैं।