Heatwave In India: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार गुरुवार, 21 मई को भी उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में हीटवेव का असर जारी रहेगा। दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है।
राजस्थान की गर्म हवाओं से बढ़ा असर
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म हवाएं अब दिल्ली और मध्य प्रदेश तक पहुंच रही हैं। इसका असर राजधानी दिल्ली समेत आसपास के राज्यों में साफ दिखाई दे रहा है। मध्य प्रदेश के उत्तरी जिलों में भी भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। दिन के समय बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल भरा हो सकता है।
इन शहरों में सबसे ज्यादा रहेगा तापमान
आईएमडी के अनुसार गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। कानपुर और वाराणसी में पारा 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। जयपुर में 44 डिग्री, लखनऊ और भोपाल में 43 डिग्री, जबकि पटना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहने की संभावना है। चंडीगढ़-मोहाली में तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है। वहीं इंदौर, उज्जैन और जोधपुर में भी 42 डिग्री के आसपास गर्मी दर्ज की जा सकती है।
बांदा रहा सबसे गर्म शहर
देश में सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में दर्ज किया गया, जहां बीते दिन पारा 48.20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके बाद मध्य प्रदेश के नौगांव में 47 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। हरियाणा के रोहतक में 46.90 डिग्री, महाराष्ट्र के अमरावती में 46.80 डिग्री और दिल्ली रिज इलाके में 46.50 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रयागराज में भी तापमान 45.8 डिग्री तक पहुंच गया।
पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम
जहां उत्तर-पश्चिम भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम कुछ ठंडा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर राज्यों में जारी रहेगी बारिश
अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी इन इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं उत्तरी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है।
बिहार, झारखंड और बंगाल में उमस बढ़ेगी
बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण से आने वाली मानसूनी हवाएं सक्रिय बनी हुई हैं, जिससे इन राज्यों में नमी बढ़ेगी और गर्मी अधिक महसूस होगी।
केरल में जल्द दस्तक देगा मानसून
दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में गुरुवार को बारिश की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु और कर्नाटक में बादल छाए रहने के आसार हैं। हालांकि इससे उमस भी बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 26 मई तक इसके केरल तट पर पहुंचने की संभावना है।
Read More:

